Mandla Rail Connectivity Protest: मंडला को बड़े शहरों से रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. वर्षों से रेल सुविधा की कमी झेल रहे मंडला के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है. इसी को लेकर सोमवार को रेलवे संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और महाराजपुर रेलवे स्टेशन के सामने एक दिवसीय धरना‑प्रदर्शन कर सरकार को साफ संदेश दे दिया कि अब और उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
रेल कनेक्टिविटी को लेकर खुला मोर्चा
बड़े शहरों से सीधी रेल सेवा की मांग को लेकर मंडला में रेलवे संघर्ष समिति ने खुलकर मोर्चा खोल दिया. समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने महाराजपुर रेलवे स्टेशन के सामने धरना दिया और रेल सुविधा की जरूरत को लेकर एकजुटता दिखाई. धरने में बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली.
धरने के बाद रैली, रेल मंत्री के नाम ज्ञापन
धरना‑प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने रैली निकाली, जो महाराजपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंची. यहां रेल मंत्री के नाम स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में मांग की गई कि मंडला को जल्द से जल्द जबलपुर, भोपाल, इंदौर, नागपुर समेत अन्य बड़े शहरों से सीधी रेल सेवा से जोड़ा जाए.
रेल सुविधा नहीं होने से विकास प्रभावित
रेलवे संघर्ष समिति का कहना है कि रेल कनेक्टिविटी के अभाव में मंडला जिला विकास की मुख्यधारा से कटता जा रहा है. रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं, व्यापार प्रभावित है और गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
समिति के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. उनका कहना है कि यह लड़ाई मंडला के भविष्य और विकास से जुड़ी है. धरने में शामिल स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उनकी यह आवाज अब दिल्ली तक पहुंचेगी और मंडला को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सपना जल्द साकार होगा.