MP Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के बजट सत्र के दौरान सोमवार को जांजगीर-चांपा (Janjgeer Chanpa) जिले में अमानक बीज और कीटनाशक सप्लाई का मुद्दा गूंजा. कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने यह मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कुछ दवाएं बाहर की एजेंसियों से खरीदी गई है. लिहाजा, इसकी जांच कराई जानी चाहिए. यह किसानों से जुड़ा गंभीर मामला है.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ की बाहर की तीन कंपनियों पर गलत दवाएं सप्लाई करने का आरोप है. उन्होंने कहा कि अगर हम मामले की जांच की बात कह रहे हैं तो समस्या क्या है. लेकिन, मंत्री ने किसी तरह की जांच साफ इंकार किया. इसके जवाब में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अगर कुछ गलत ही नहीं हुआ, तो जांच किस बात की कराएं. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा. हम 3100 में धान खरीद रहे हैं, किसानों को दो साल का बोनस भी दिया है. पिछली सरकार चार किश्त में पैसा देती थी, हम एक किश्त में देंगे.
फ्लाई ऐश का मामला भी उठा
सदन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने फ्लाई ऐश उत्सर्जन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने इस संबंध में अब तक हुई कार्रवाई और निराकरण का मुद्दा उठाया. इसके जवाब में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में 101 ताप विद्युत गृह संचालित हैं. नियमों के विपरीत जो भी उत्सर्जन करता है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा- कोरबा में कंपनियों ने खदान भराव और रोड में फ्लाई एश डालने का काम किया है. इनकी वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है. लोग बीमार पड़ रहे हैं, इसकी जांच कराई जाए. इसके जवाब में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क किनारे राखड़ फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. नई सरकार आने के बाद इसमें कमी आई है.
ये भी पढ़े: MP के 33 रेलवे स्टेशनों की बदलेगी सूरत, पीएम मोदी आज प्रदेश वासियों को देंगे 3276 करोड़ की सौगात