Madhya Pradesh, Chhattisgarh News Live: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. ओलावृष्टि और बारिश होने से प्रदेश के किसानों की टेंशन बढ़ गई है. आज भी प्रदेश के एक दर्जन जिलों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार जताए गए हैं. सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, डिंडोरी, जबलपुर सहित शहडोल संभाग के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बता दें कि प्रदेश में मौसम का यह मिजाज पिछले कुछ दिनों से जारी है. इससे पहले कई जिलों में ओलावृष्टि होने से किसानों की फसलें बर्बाद हुई है.
छत्तीसगढ़ में पिछले दो महीनों के दौरान 54 नक्सली घटनाओं में सुरक्षाबलों के कुल आठ जवान शहीद हुए हैं और 53 जवान घायल हुए हैं. उप मुख़्यमंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में गुरुवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस दौरान आठ नक्सली भी मारे गए हैं. राज्य के गृह विभाग भी संभाल रहे शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि एक दिसंबर 2023 से 31 जनवरी 2024 तक राज्य में 54 नक्सली घटनाएं और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ की घटनाएं हुई हैं.
भीख मांगकर लाखों की कमाई वाले मामले पर NHRC ने मांगी रिपोर्ट
बीते दिन मध्य प्रदेश के इंदौर में हैरान करने वाला मामला सामने आया था. जहां एक महिला ने अपने बच्चों से भीख मंगवाकर महज़ 45 दिनों में ढाई लाख रुपये की रकम जोड़ ली थी. इस मामले पर अब National Human Rights Commission (NHRC) ने ध्यान दिया है. NHRC ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी करके चार हफ्ते के अंदर इस मामले में रिपोर्ट तलब की है. NHRC की तरफ से गुरुवार को जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया कि अगर इस मामले पर रिपोर्ट सही पाई जाती है तो यह बच्चों के मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन का मामला है. रिलीज़ में कहा गया कि भिक्षावृत्ति को लेकर गिरफ्तार महिला कथित तौर पर बार-बार यही अपराध करने वाली है. ऐसे मामले से पता चलता है कि राज्य में अधिकारी सतर्क नहीं हैं जिससे छोटे बच्चे अपने परिवार के सदस्यों से उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें - बैतूल कांड के बाद सरकार ने की प्रशासनिक सर्जरी, हटाए गए पुलिस अधीक्षक, प्रदेश के 12 IPS के हुए तबादले
ये भी पढ़ें - Anti Religious Conversion Law: छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण रोकने के लिए सरकार बनाएगी कानून, निशाने पर रही है ईसाई मिशनरी