2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश के मौसम में फिलहाल बदलाव के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. अभी तापमान में बढ़ोतरी जारी है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी मौसम शुष्क बना हुआ है. एमपी में लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों ने फिलहाल अपना आंदोलन भी स्थगित कर दिया है. वहीं, एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मतसाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र जारी है. अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य से जुड़ी आज की खबरें पढ़ना चाहते हैं तो आप इस लिंक पर पढ़ सकते हैं.

यहां पढ़ें पल-पल के न्यूज अपडेट्स...

Mar 10, 2026 21:46 (IST)

मुख्यमंत्री साय बोले- LPG, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि रसोई गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को रसोई गैस की सुचारु सप्लाई बनाए रखने, नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी करने और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके.

Mar 10, 2026 19:59 (IST)

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले की गाड़ियां आपस में टकाराई

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने महुअन गांव जा रहे थे. ईसागढ़–देहरदा मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान धूल और गिट्टी के ढेर के कारण यह हादसा हुआ. काफिले में आगे चल रही स्टाफ की गाड़ी गिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, जिससे पीछे आ रही गाड़ी उससे टकरा गई. हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं. घटना के बाद काफिले को कुछ देर के लिए रोका गया, फिर आगे रवाना किया गया.

Advertisement
Mar 10, 2026 19:51 (IST)

MP Jabalpur High Court: हाई कोर्ट में भ्रूण लेकर पहुंचा व्यक्ति, लापरवाह चार पुलिसकर्मी निलंबित

Madhya Pradesh Jabalpur High Court: जबलपुर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. 9 मार्च 2026 को रीवा निवासी दयाशंकर पांडे अपनी पत्नी का मिसकैरिज हुआ भ्रूण लेकर हाई कोर्ट परिसर में पहुंच गए थे. उन्होंने लगातार हो रहे एक्सीडेंट को हमला बताते हुए कोर्ट में याचिका लगाई थी और भ्रूण को सबूत के तौर पर पेश करने की कोशिश की. घटना सामने आने के बाद जबलपुर एसपी ने सुरक्षा में लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की. एसपी ने एएसआई मुन्ना अहिरवार, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदत्त खत्री, हेड कांस्टेबल अरुण उपाध्याय और कांस्टेबल प्रतीक सोनकर को निलंबित कर दिया. ये सभी पुलिसकर्मी हाई कोर्ट की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे.

Mar 10, 2026 18:54 (IST)

MP News: सीएम यादव ने ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में किया अभिषेक

Khandwa News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को खंडवा जिले की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर पहुंचे. यहां उन्होंने ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में नर्मदा जल से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान उनके साथ आध्यात्मिक गुरु दादा गुरु और प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहे. सीएम गजानन आश्रम से कलश लेकर पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे. वहीं मीडिया से चर्चा में मंत्री पटेल ने रामनिवास रावत को अनुभवी नेता बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और न्यायालय के फैसले का सम्मान करने की बात कही.  

Mar 10, 2026 18:51 (IST)

जज विवाद को लेकर जजों की टीम ने की जांच

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर में महानदी जल विवाद को लेकर न्यायाधिकरण की टीम मौके पर पहुंची. सुप्रीम कोर्ट के जजों की अगुवाई में टीम जमीनी स्तर पर हालात की जांच कर रही है. यह निरीक्षण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच जल बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है. ओडिशा का आरोप है कि बैराज निर्माण से हीराकुंड बांध में पानी की कमी हो रही है, जबकि छत्तीसगढ़ अपने हिस्से के पानी के वैध उपयोग की बात कह रहा है. 1983 से चले आ रहे इस विवाद के लिए 2018 में न्यायाधिकरण बनाया गया था. टीम गंगरेल डैम सहित कई स्थलों का निरीक्षण कर रही है. जांच के बाद रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाएगी.  

Mar 10, 2026 16:14 (IST)

ग्वालियर में 50 साल पुराना पेड़ गिरा, पांच घायल, बच्ची गंभीर

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक 50 साल पुराना पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा. घटना हुरावली इलाके की है, जो सिरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. पेड़ गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पेड़ के नीचे दबने से पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सभी मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

Advertisement
Mar 10, 2026 16:09 (IST)

बच्चा चोरी के शक में चालक को पेड़ से बांधकर पीटा

सूरजपुर में बच्चा चोरी के शक में एक ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. घटना रिंग रोड स्थित परशुराम मंदिर के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक ने एक नाबालिग छात्रा को ऑटो में बैठने के लिए कहा था, जिसके बाद लोगों को उस पर शक हो गया. गुस्साए युवकों ने चालक के हाथ पेड़ से बांधकर डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि ऑटो चालक शराब के नशे में था. फिलहाल कोतवाली पुलिस सूरजपुर ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Mar 10, 2026 15:03 (IST)

Ladli Behna Yojana: 13 मार्च को लाडली बहना की 34वीं किस्त

लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) की अगली किस्त (Ladli Behna Yojana ki Kist) का इंतज़ार कर रहीं प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए अब खुशखबरी का वक्त आ गया है. ग्वालियर में 13 मार्च को होने वाला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) का दौरा महिलाओं के लिए उम्मीदों का नया सवेरा लेकर आ रहा है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Advertisement
Mar 10, 2026 15:00 (IST)

विजयपुर चुनाव शून्य विवाद पर कांग्रेस का हमला

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (PCC Chief Jitu Patwari) ने विजयपुर विधानसभा (Vijaypur Vidhan Sabha) से कांग्रेस उम्मीदवार (Congress Candidate) मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित होने के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पार्टी इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी. भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटवारी ने बीजेपी (BJP) पर खरीद‑फरोख्त, राजनीतिक दुरुपयोग और आदिवासी नेताओं के प्रति “घृणित सोच” का आरोप लगाया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 10, 2026 14:58 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल बीफ कांड में चार्जशीट से हैदराबाद लैब रिपोर्ट 'गायब'!

Bhopal Beef Case: भोपाल के चर्चित कथित बीफ परिवहन मामले में अब एक नया और बड़ा कानूनी विवाद खड़ा हो गया है. आरोपियों ने अदालत में आवेदन देकर सनसनीखेज दावा किया है कि जब्त किए गए मांस के नमूने की हैदराबाद लैब वाली जांच रिपोर्ट चार्जशीट के साथ पेश ही नहीं की गई है, जबकि पुलिस को यह रिपोर्ट पहले ही मिल चुकी है. आरोपियों ने अब अदालत से मांग की है कि इस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिया जाए और किसी प्रतिष्ठित लैब से नए सिरे से डीएनए जांच कराई जाए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 10, 2026 14:48 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: जबलपुर में गैस की किल्लत से लोग परेशान, एजेंसियों के बाहर लगी भीड़

LPG Crisis in Jabalpur: केंद्र सरकार का पेट्रोलियम मंत्रालय भले ही आम जनता को यह भरोसा दिला रहा है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलेंडर मिलते रहेंगे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ अलग ही नजर आ रही है. जबलपुर में कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं. एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि गैस शाम 4 बजे के बाद मिलेगी. लोगों का कहना है कि यही बात उन्हें कल भी बताई गई थी, लेकिन तब भी गैस नहीं मिल पाई थी.

उपभोक्ताओं की एक और बड़ी समस्या यह सामने आ रही है कि कई लोगों को गैस बुकिंग के बाद ओटीपी और बुकिंग नंबर नहीं मिल पा रहा है. इसके चलते एजेंसियां नियमों का हवाला देते हुए गैस देने से इनकार कर रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

Mar 10, 2026 14:38 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: रायगढ़ में एक ही साड़ी से लटके मिले दो शव

Two Youth Dead Bodies Found Hanging From Tree: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो युवकों के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव में दो दोस्तों दीपक बरेठ (21) और शिवशरण कर्ष (22) के शव एक ही साड़ी के फंदे पर लटके मिले हैं. इससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. जांच में पता चला है कि घटना से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी. सूचना पर पुलिस पहुंची ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं.

Mar 10, 2026 14:15 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: नशे में धुत युवक ने 21 साल की लड़की को मार दी गोली

Sidhi Girl Shot Dead: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में युवती की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक युवक ने बगल से गुजर रही युवती को गोली मार दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है. वहीं, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है. उमंग और उत्साह के कार्यक्रम मातम में बदल गया. मामला चुरहट थाना क्षेत्र के मवई गांव है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 10, 2026 13:50 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: ग्वालियर में जमीन पर कब्जा हटाने पहुंची पुलिस पर पथराव

Gwalior Stone Pelting on Police: ग्वालियर में अवैध कब्जा (Land Encroachment ) हटाने पहुंचे पुलिस और जिला प्रशासन की टीम पर पथराव हो गया, जिसका वीडियो सामने आया है. इस दौरान पुलिस ने खुद को बचाने के लिए बल प्रयोग किया और महिलाओं को भी दूर भगाया. तहसीलदार प्रशासन और पुलिस बल न्यायालय द्वारा गिरवाई थाना क्षेत्र की गोल पहाड़िया गांव में एक जमीन पर बेदखली का आदेश का पालन करवाने पहुंचा था. अतिक्रमण हटाते समय अचानक लोगों ने हमला कर दिया. जवाब में पुलिस ने भी बल प्रयोग कर सभी को दूर खदेड़ा. जिला प्रशासन ने कब्जा खाली करने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है.

Mar 10, 2026 12:55 (IST)

ई-रिक्शा में बैठी युवती चक्कर आने का बहाना बना सहयात्रियों की हीरे की दो अंगूठियां लेकर हुई फरार

Madhya Pradesh Hindi News: ग्वालियर में ई रिक्शा में बैठी एक महिला की दो हीरो की अंगूठियां चोरी हो गई. ई-रिक्शा में बैठी एक अन्य युवती ने चक्कर आने का बहाना बनाया और उसमें बैठी महिलाओं ने जब मदद की तो युवती पर्स को चुरा कर रफू चक्कर हो गई. जिस पर्स को लेकर युवती भागी उसमें हीरे की दो अंगूठी रखी हुई थीं, जो महिला को सगाई के दौरान उसे मिली थीं. घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के साईं बाबा मंदिर रोड की है. वहीं, पुलिस ने CCTV फुटेज मिलने के बाद संदिग्ध युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

Mar 10, 2026 12:37 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: राजस्थान में भगवान वेंकटेश मंदिर से 20 किलो चांदी के जेवर चोरी करने वाले कटनी में गिरफ्तार

Robbery from Venkatesh Temple Rajasthan: राजस्थान के नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र में भगवान वेंकटेश मंदिर से 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी होने के बाद राजस्थान पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी. इस दौरान पुलिस को चोरों का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश के कटनी जिला पहुंची. पुलिस ने 17 दिन में 900 किमी का सफर तय किया. चोरों को ढूंढने में पुलिस ने 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशन और 3 एयरपोर्ट सहित 1500 सीसीटीवी के फुटेज खंगाले. तब जाकर भगवान वेंकटेश मंदिर में चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने कटनी से गिरफ्तार किया है, जिनसे चोरी के आभूषण बरामद किया गया है.

Mar 10, 2026 12:32 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: कुएं में गिरने से महिला की मौत

Shahdol Woman Fell into Well: शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के पोड़ी खुर्द अल्हारा गांव में कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान बेला कली गोंड (55) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार  महिला देर  शाम अंधेरे में किसी काम से घर के पास गई थी, इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गई सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कई घंटे बाद कुएं से बाहर निकलवाया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज  मामले की जांच शुरू कर दी है.

Mar 10, 2026 12:26 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: रहली में मंदिर से मूर्तियां ले जाने पर बवाल, भीड़ ने महंत की कार के शीशे फोड़े

Sagar Mandir Murti Chori: सागर जिले के रहली में सोमवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पंडलपुर खिरका स्थित शाला मंदिर से भगवान की मूर्तियां ले जाने का मामला सामने आया. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध करते हुए महंत की कार के शीशे फोड़ दिए. इस दौरान एक सेवादार के साथ मारपीट भी की गई.

Mar 10, 2026 12:20 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: गैस टैंकर का वाल्व टूटने से मची अफरा-तफरी

Guna Gas Tanker: गुना जिले की गादेर घाटी में मंगलवार को एक भीषण दुर्घटना टल गई, जो किसी बड़े जानलेवा हादसे में बदल सकती थी. एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर को पीछे से अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंकर का मुख्य वाल्व टूट गया और करीब 20 टन ज्वलनशील गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया. घटना के तुरंत बाद टैंकर चालक शैलेन्द्र सिंह ने घबराने के बजाय तत्काल गैल प्लांट और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया. सूचना मिलते ही गैल की विशेष रेस्क्यू टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को रोका गया और विशेषज्ञ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पाया.

Mar 10, 2026 12:09 (IST)

Guna Auto Overturn: गुना में महिलाओं से भरा ऑटो पलटा

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में मंगलवार को महिलाओं से भरा ऑटो पलट (Auto Accident) गया. ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होने की वजह से हादसे का शिकार हुआ है. इस दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा महिलाएं घायल हो गईं. यह महिलाएं फसल कटाई के लिए जा रही थीं. हादसा धरनावदा थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव के पास हुआ है.

Mar 10, 2026 12:00 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: इंदौर में मस्जिद विवाद को लेकर चाकूबाजी

Stabbing in Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मस्जिद के हिसाब किताब के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया, जिसको लेकर चाकू बाजी हो गई. इस दौरान सदर बाजार मस्जिद सदर बाबर के बेटे जुनैद ने एजाज नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया. फरियादी एजाज ने सदर बाबर के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में सदर बाजार पुलिस जांच में जुटी हुई है.

Mar 10, 2026 11:53 (IST)

गैस टैंकर का वाल्व टूटने से मची अफरा-तफरी

Guna Hindi News: गुना जिले की गादेर घाटी में मंगलवार को एक भीषण दुर्घटना टल गई, जो किसी बड़े जानलेवा हादसे में बदल सकती थी. एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर को पीछे से अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंकर का मुख्य वाल्व टूट गया और करीब 20 टन ज्वलनशील गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया. घटना के तुरंत बाद टैंकर चालक शैलेन्द्र सिंह ने घबराने के बजाय तत्काल गैल प्लांट और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया. सूचना मिलते ही गैल की विशेष रेस्क्यू टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को रोका गया और विशेषज्ञ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पाया.

Mar 10, 2026 11:44 (IST)

Chhattisgarh Hindi News: चोरी कर 41 टन लोहा ले रहा ट्रेलर पकड़ा, 60 लाख कीमत

Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रेलर चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक अपचारी बालक को पकड़ लिया है. आरोपी ट्रेलर में लोड करीब 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हो गया था, जिसे रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त नाकेबंदी के दौरान सक्ती टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया गया. पुलिस ने ट्रेलर और उसमें लोड लोहे के एंगल सहित लगभग 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है.

Mar 10, 2026 11:29 (IST)

Mukesh Malhotra Case: मुकेश मल्होत्रा मामले में जाएंगे सुप्रीम कोर्ट- जीतू पटवारी

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (Congress Jitu Patwari) ने विजयपुर से मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य होने के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि कांग्रेस अब सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा का खरीद-फरोख्त और चल-चरित्र का चेहरा सामने आ गया है. बीजेपी की यह घृणित सोच दर्शाती है कि विजयपुर से एक आदिवासी कैसे विधायक चुनकर विधानसभा चला गया. आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों के साथ कुठाराघात करती है. बीजेपी की सोच ने देश को कलंकित कर दिया है.

उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है कि मुकेश मल्होत्रा फिर से चुनकर आएंगे. इसके साथ ही जूती पटवारी ने महंगाई के मुद्दे पर घेरा. साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा की वजह से इंदौर में 35 लोगों की मौत हो गई. छिंदवाड़ा में भी सिरप की वजह से बच्चों ने तड़प-तड़प दम तोड़ दिया था.

Mar 10, 2026 10:17 (IST)

Farmer Drown to Death in Mandsaur: 60 घंटे बाद चंबल नदी से मिला किसान का शव, वोट का संतुलन बिड़ने से डूबा था किसान

Madhya Pradesh Hindi News: ​मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा चौकी अंतर्गत आने वाले रनायरा गांव के एक किसान की चंबल नदी में डूबने से मौत हो गई. तीन दिनों के सघन रेस्क्यू ऑपरेशन और करीब 60 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एसडी इआरएफ (SDERF) और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने किसान का शव बरामद कर लिया है. किसान की पहचान रनायरा गांव निवासी किसान गुमान सिंह (53) के रूप में हुई है. वह नाव से नदी पार कर रहा था, संतुलन बिगड़ने वह डूब गए और 60 घंटे बाद उनका शव मिला.

Mar 10, 2026 09:39 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: कैबिनेट मीटिंग के बाद सीएम की एक और बैठक संभव

CM Mohan Yadav Meeting: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में सुबह साढ़े 10 बजे कैबिनेट बैठक की जाएगी. इसके बाद वह खंडवा और इंदौर के दौरे पर जाएंगे. कैबिनेट बैठक के बाद एक और बैठक संभावित है, जिसमें कई बिंदुओं पर चर्चा की जा सकती है. इसमें यूएसए-इजरायल और ईरान में चल रहे युद्ध के बीच मध्य पूर्व के देशों में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की निकासी (Evacuation) के लिए अब तक की गई कार्रवाई पर चर्चा की जा सकती है. इसके अलावा एलपीजी/सीएनजी की आपूर्ति की स्थिति, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता और आपूर्ति, बारदाना आपूर्ति में संभावित व्यवधान के कारण गेहूं खरीदी में आने वाली चुनौतियां, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, उद्योगों के कच्चे माल की उपलब्धता तथा निर्यात पर संभावित प्रभाव और उर्वरकों की उपलब्धता पर संभावित प्रभाव पर चर्चा की जा सकती है.

Mar 10, 2026 09:12 (IST)

MP News in Hindi: मामूली विवाद पर युवक ने चाकू से हमला कर मार डाला

Katni Stab to Death: कटनी जिले के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में बरगवां में शराब दुकान के पास मामूली बात को लेकर हुए विवाद में बिहार से काम करने आए युवक ने दूसरे शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना पर एएसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि बजाज के शो रूम में कार धोने का काम किया जा रहा था, जहां बाहर से 3 मजदूर बुलवाए गए थे. इसमें मोहम्मद दानिश भी है, जो बिहार का रहने वाला था. वह शो रूम का काम करता था और इलेक्ट्रिशियन भी था. इसी दौरान वह बाहर ठेले में खाना खा रहा था, तभी आरोपी कृष्णा कोल के पैर में थूकने को लेकर दोनों के बीच में विवाद हो गया. इसी दौरान कृष्णा ने मोहम्मद दानिश की जांघ में चाकू से हमला कर दिया. अत्यधिक खून बहने से घायल मोहम्मद दानिश की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

Mar 10, 2026 08:59 (IST)

Balod Bulldozer Action: NH-930 किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में NH-930 किनारे हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर अभियान चलाया है. पिछले माह प्रशासन ने मुख्यमार्ग किनारे संचालित व्यवसायियों को नोटिस जारी कर 1 मार्च से पहले अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था. अब आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सुबह 6 बजे ही बुलडोजर के जरिए कार्रवाई शुरू कर दी. प्रशासन ने बालोद जिला मुख्यालय के गंजपारा से जेल तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. व्यापारी भी अभियान का विरोध कर रहे हैं और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है.

Mar 10, 2026 08:43 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: सीएम डॉ मोहन यादव आज खंडवा-इंदौर के दौरे पर रहेंगे

CM Mohan Yadav Khandwa-Indore Visit: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज खंडवा और इंदौर दौरे के दौरे पर रहेंगे. इससे पहले वह सुबह करीब 10:45 बजे भोपाल में कैबिनेट बैठक करेंगे. इसके बाद दोपहर को खंडवा रवाना हो जाएंगे. वहां वह ओंकारेश्वर में जलाभिषेक करेंगे. मुख्यमंत्री नर्मदा परिक्रमा पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री दादा गुरु जी के साथ जलाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होंगे. फिर यहां से इंदौर जाएंगे, जहां भाजपा प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला में शामिल होंगे.

Mar 10, 2026 08:11 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: छतरपुर जिला अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने की तोड़फोड़

छतरपुर जिले के जिला अस्पताल में एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. मृतका की पहचान आशारानी जोगी (53), पत्नी ऊदल सिंह जोगी, निवासी बड़ामलहरा के रूप में हुई है. जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, महिला को हाई शुगर की समस्या के चलते रविवार दोपहर करीब 2 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल की चौथी मंजिल पर हंगामा शुरू कर दिया.

Mar 10, 2026 07:59 (IST)

CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 7वां दिन

Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 7वां दिन है, जहां सदन में सीएम विष्णु देव साय, मंत्री केदार कश्यप, टंक राम वर्मा प्रश्नों के जवाब देंगे. विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह, धरम लाल कौशिक स्मार्ट सिटी को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे. वहीं, विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव में आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे. सभापति अमर अग्रवाल प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे. विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम, संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे. इसके अलावा डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी.

Mar 10, 2026 07:48 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: पंचायत सचिव रिश्वत लेते अपने घर से गिरफ्तार

Ratlam Hindi News: रतलाम जिले की कनेरी ग्राम पंचायत के सचिव सत्यनारायण सेन को उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी सचिव सोमवार रात करीब 8 बजे रतलाम के तेजा नगर स्थित उसके घर से 4500 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया. लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार, रतलाम निवासी प्रेम जैसवार ने 18 फरवरी को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन के पास शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में खरीदे गए दो भूखंडों के नामांतरण और भवन निर्माण के लिए नक्शा पास करने के बदले ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सेन 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं.

Mar 10, 2026 07:30 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: जन्मदिन की पार्टी में हर्ष फायर, पड़ोसी युवक के पैरों में लगी गोली

Harsh Firing during Birthday Celebration: रतलाम जिले के आलोट नगर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायर करना एक युवक को भारी पड़ गया. फायर की गई गोली पड़ोसी युवक को लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे आलोट नगर के प्रमिलागंज क्षेत्र की बताई जा रही है. यहां रहने वाला श्याम नायक पिता अमर सिंह नायक अपना जन्मदिन मना रहा था. बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था. इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर कर दिया.

फायर की गई गोली आसमान की ओर जाने के बजाय सामने की दिशा में निकल गई और घर के सामने रहने वाले रोहित (18) पिता कालू नायक के दोनों पैरों की पिंडलियों में जा लगी. गोली लगने से रोहित घायल हो गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत आलोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

Mar 10, 2026 07:23 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: जहां मकान तोड़े, उसी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहेंगे

Bulldozer Action in Dhar: धार जिले की धामनोद थाना क्षेत्र के सिरसोदिया गांव में कथित अतिक्रमण के नाम पर मकान तोड़े (Bulldozer Demolished House) जाने के बाद गांव में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम सभा की बैठक बुलाकर अहम फैसला लिया है और ग्राम सभा के आदेश का उल्लंघन करने पर न्यायालय की ओर रुख करने की बात कही हैं. वहीं, ग्राम सभा के बाद का महिलाओं का विधायक के खिलाफ नारेबाजी और विधायक को मारने की चेतावनी देने का वीडियो भी हो रहा हैं.

Mar 10, 2026 07:01 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल में मतदाता सूची पर नया विवाद

Dispute over Voter List in Bhopal: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर एक नया विवाद सामने आया है. एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह (Congress Digvijaya Singh) ने भोपाल की नरेला विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दस्तावेज सौंपे हैं. सौंपे गए दस्तावेजों के अनुसार, भोपाल के करोंद इलाके के वार्ड 75 स्थित रतन कॉलोनी में कई घरों के पते पर असामान्य रूप से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं. दिग्विजय सिंह का आरोप है कि कुछ घरों में जहां केवल 6 से 8 लोग रहते हैं, वहां मतदाता सूची में 30 से 40 नाम दर्ज हैं, जिससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.

Mar 10, 2026 06:48 (IST)

Junior Doctors Strike: जूनियर्स डॉक्टर ने 16 मार्च तक स्थगित की हड़ताल

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश में लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है. उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के साथ हुई बैठक के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने हड़ताल को 16 मार्च तक टालने का निर्णय लिया है. सोमवार को सुबह 9 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल शाम 5 बजे तक जारी रही थी.

Mar 10, 2026 06:43 (IST)

MP Weather News: मध्य प्रदेश मौसम का हाल

Mausam Ka Haal: मध्य प्रदेश में गर्मी फिलहाल जारी है. अब तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. हालांकि, मौसम विभाग का मानना है कि इस सप्ताह के अंत तक मौसम में बदलाव के संकेत देखने को मिल सकते हैं और बादलों की आवाजाही देखने को मिलने की संभावना है. हालांकि, अभी तो गर्मी का असर जारी है. तापमान भी 38 तक पहुंच रहा है. राज्य के बड़े शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा रहा है.