Jabalpur Digital Triple Talaq: जबलपुर में तीन तलाक का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है. शहर के अधारताल इलाके में एक पति ने अपनी पत्नी को न तो फोन किया और न ही सामने आकर कुछ कहा, बल्कि उसने मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज (Voice Message) भेजकर तीन बार 'तलाक-तलाक-तलाक' बोल दिया. पुलिस का मानना है कि मोबाइल वॉयस मैसेज के जरिए तीन तलाक देने का जिले में यह संभवतः पहला मामला है.
वॉयस मैसेज सुनते ही उड़ गए होश
पीड़िता 32 वर्षीय फरहीन अली ने पुलिस को बताया कि उसके पति वाहिद अली ने यह मैसेज उसकी बहन के मोबाइल पर भेजा था. मैसेज प्ले करते ही उसमें वाहिद की आवाज गूंजी, जिसमें उसने एक साथ तीन बार 'तलाक, तलाक, तलाक' कहकर रिश्ता खत्म करने का एलान कर दिया. इस डिजिटल तलाक को सुनकर महिला सन्न रह गई और इंसाफ की गुहार लेकर सीधे अधारताल थाने पहुंच गई.
शादी के बाद से ही मिल रही थी प्रताड़ना
फरहीन की शादी साल 2010 में हनुमानताल निवासी वाहिद अली से हुई थी. शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले उसे छोटी-छोटी बातों पर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगे थे. महिला का आरोप है कि उसके पति, सास-ससुर, ननद और देवर मिलकर उसे प्रताड़ित करते थे. इसी परेशानी की वजह से वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी.
पुलिस ने दर्ज किया केस
अधारताल थाना पुलिस ने फरहीन की शिकायत पर आरोपी पति वाहिद अली के खिलाफ 'मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019' के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि डिजिटल माध्यम से दिया गया यह तलाक कानूनी रूप से पूरी तरह अवैध है और पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Cabinet Decisions: गोंदिया-जबलपुर रेल लाइन दोहरीकरण को मंजूरी; CM मोहन ने कहा- महाकौशल सहित MP को बड़ी सौगात