विज्ञापन
This Article is From Feb 18, 2026

बच्चा चोर समझकर सरेराह महिला से मारपीट, पुलिस ने की अपील- अफवाहों पर ध्यान ना दें

इंदौर में बच्चा चोर की अफवाह के चलते एक महिला के साथ हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है. बिना सच जांचे भीड़ ने महिला को घेरकर हिंसा की, जबकि पुलिस जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई.

बच्चा चोर समझकर सरेराह महिला से मारपीट, पुलिस ने की अपील- अफवाहों पर ध्यान ना दें

Child Theft Rumour Indore: इंदौर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बच्चा चोर की अफवाह ने एक निर्दोष महिला को भीड़ की हिंसा का शिकार बना दिया. सड़क पर मौजूद लोगों ने बिना सच जाने महिला को पकड़कर मारपीट कर दी, जबकि बाद में पुलिस की जांच में साफ हुआ कि बच्चा चोरी जैसी कोई बात वहां थी ही नहीं. वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है.

महिला को बच्चा चोर समझकर पीटा

एमआईजी थाना क्षेत्र में यह घटना तब हुई, जब नेहरू नगर की रहने वाली 34 वर्षीय महिला अपने रिसर्च काम के सिलसिले में इलाके में गई हुई थी. कुछ लोगों को उस पर शक हुआ और बिना किसी आधार के उसे बच्चा चोर समझ लिया गया. देखते‑ही‑देखते भीड़ जमा हो गई और दो महिलाओं समेत कई लोगों ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ.

वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई शिकायत

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता सीधे एमआईजी थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत की. पुलिस ने उसकी रिपोर्ट के आधार पर कलाबाई कौशल, खुशी कौशल और अन्य आरोपियों के खिलाफ झूठा आरोप लगाकर मारपीट करने की धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि पहली जांच में बच्चा चोरी का कोई तथ्य नहीं मिला है और यह पूरी घटना लोगों की गलतफहमी और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का नतीजा है.

पुलिस की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें 

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में भीड़ को खुद फैसला लेने का अधिकार नहीं है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को देखकर अफवाहों में न आएं. साथ ही पुलिस उन अकाउंट्स की पहचान कर रही है, जो बच्चा चोरी जैसी गलत खबरें फैलाते हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ न केवल सख्त कार्रवाई होगी, बल्कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक किए जाएंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close