विज्ञापन

MP को 5657 करोड़ की सौगात; इंदौर-उज्जैन फोरलेन का भूमि-पूजन, 38 हजार आवासों का गृह प्रवेश प्रवेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 2935 करोड़ रुपये की इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का भूमि-पूजन किया. 5657 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के तहत 38 हजार आवासों का गृहप्रवेश भी कराया गया.

MP को 5657 करोड़ की सौगात; इंदौर-उज्जैन फोरलेन का भूमि-पूजन, 38 हजार आवासों का गृह प्रवेश प्रवेश
इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क का भूमि-पूजन, 2935 करोड़ की परियोजना से बदलेगी मालवा की तस्वीर

Indore Ujjain Greenfield 4 Lane Road Project: मध्यप्रदेश के लिए 20 जून का दिन विकास और अधोसंरचना के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हुआ. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इंदौर, उज्जैन और सांवेर क्षेत्र को 5657 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हजारों परिवारों को नए आवास मिले, वहीं 2,935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क परियोजना का भूमि-पूजन भी किया गया. 48.10 किलोमीटर लंबी यह सड़क न केवल इंदौर और उज्जैन के बीच दूरी कम करेगी, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र के औद्योगिक, धार्मिक और आर्थिक विकास को नई गति देने का काम करेगी.

5657 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 2,548 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले आवासों का भूमि-पूजन किया गया. इससे 42 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभ मिलेगा. इसके साथ ही 992 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 38 हजार आवासों का गृह-प्रवेश भी कराया गया. कार्यक्रम में 446 करोड़ रुपये की 116 परियोजनाओं का लोकार्पण और 310.82 करोड़ रुपये की 37 नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी हुआ.

2935 करोड़ से बनेगी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क

कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क परियोजना रही. करीब 2,935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह 48.10 किलोमीटर लंबी सड़क इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन को नई दिशा देगी. परियोजना से इंदौर के 20, उज्जैन के 8 तथा आसपास के 40 से 50 गांव सीधे लाभान्वित होंगे. नई सड़क बनने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और लोगों का घंटों का सफर मिनटों में पूरा हो सकेगा.

916 किसानों को मिला 816 करोड़ का मुआवजा

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि इस परियोजना के लिए 28 गांवों की भूमि अधिग्रहित की गई है. भूमि अधिग्रहण के बदले 916 किसानों को कुल 816 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है. सरकार का दावा है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए परियोजना की संरचना में कई बदलाव किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मांग पर सड़क की ऊंचाई कम की गई है, ताकि स्थानीय आवागमन प्रभावित न हो.

Indore Ujjain Greenfield 4 Lane Road Project: कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव

Indore Ujjain Greenfield 4 Lane Road Project: कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव

दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर से जुड़ेगा मालवा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह सड़क केवल इंदौर और उज्जैन को जोड़ने वाली परियोजना नहीं है. यह मार्ग आगे चलकर पीथमपुर और निमाड़ क्षेत्र को दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर (DMIC) से जोड़ेगा. इससे उद्योग, व्यापार, निवेश और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होता है और यह परियोजना पूरे मालवा क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है.

मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र अब 16 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में विकास का नया मॉडल बनेगा. इस क्षेत्र में 6 जिले, अनेक औद्योगिक केंद्र, 6 रेलवे जंक्शन, 2 एयरपोर्ट, 4 हवाई पट्टियां और राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल होंगे. इससे रोजगार, व्यापार और निवेश की संभावनाएं और मजबूत होंगी.

कांग्रेस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारें राजनीतिक कारणों से कठोर कदम उठाने से बचती रहीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. कांग्रेस सरकार अपने मंत्री के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाई, उन्हें वोट बैंक के लालच में नक्सलवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने में डर लगता था. हमारी सरकार ने लोकतंत्र को कलंकित करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो मार्ग चुना उससे देशभर में आतंकवाद की नई-नई फैक्ट्रियां खुलीं. आज देशभर से आतंकवाद का सफाया हो चुका है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के अंदर और सीमाओं को सुरक्षित कर रही है.

38 हजार परिवारों को मिला अपना घर

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों का घर का सपना पूरा हुआ है. उन्होंने कहा कि 38 हजार परिवारों को नए आवासों में गृह-प्रवेश कराया गया है और 42 हजार से अधिक परिवारों के लिए नए आवास निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है. खट्टर ने उज्जैन और इंदौर क्षेत्र को प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र रोजगार, शिक्षा और अधोसंरचना विकास का मॉडल बनेगा.

स्वनिधि और अमृत योजनाओं को भी बढ़ावा

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 20 हजार छोटे व्यापारियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 51 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है. इसके अलावा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जल निकासी, सीवर प्रबंधन और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया.

सिंहस्थ 2028 और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा लाभ

सरकार का मानना है कि इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का सबसे बड़ा लाभ धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा. महाकाल लोक, उज्जैन और इंदौर के बीच बेहतर कनेक्टिविटी बनने से सिंहस्थ 2028 और धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी.

यह भी पढ़ें : MP में देश का पहला अनूठा लैंड पूलिंग मॉडल; 60 मिनट कनेटिविटी विजन और 5 लाख जॉब्स, जानिए क्या है UIMR प्रोजेक्ट

यह भी पढ़ें : सर्पदंश मुआवजा घोटाला: बिलासपुर में पैसों का बंटरबांट; 14 मामलों में FIR, वकील-डॉक्टर समेत आवेदकों की मिलीभगत

यह भी पढ़ें : डेयरी योजना घोटाला? उमंग सिंघार बोले- MP में दलित-आदिवासियों के नाम पर सब्सिडी की लूट, किसान कल्याण पर भी घेरा

यह भी पढ़ें : NEET UG 2026 Re-Exam: नीट स्पेशल ट्रेन या सिर्फ कागजी राहत? परीक्षा 21 जून को, वापसी ट्रेन 20 जून को ही रवाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com