विज्ञापन

इंदौर के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं को नाबालिग ने डंडे से पिटा,वीडियो वायरल होने पर आश्रम सील

इंदौर के ओल्ड एज होम में मानसिक रूप से बीमार नाबालिग द्वारा बुजुर्गों से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है.. कलेक्टर के निर्देश पर आश्रम सील और संचालिका पर FIR दर्ज कर लिया गया है. इसके साथ ही 31 बुजुर्गों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट भी किया गया है.

इंदौर के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं को नाबालिग ने डंडे से पिटा,वीडियो वायरल होने पर आश्रम सील

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक वृद्धाश्रम से डरा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग ने बुजुर्ग महिलाओं की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी. इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया. कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम निधि वर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर वृद्धाश्रम को सील कर दिया है. इसके साथ ही लापरवाही बरतने के आरोप में आश्रम की संचालिका नीलम दुबे के खिलाफ मामला दर्ज (FIR) कर लिया गया है, जबकि वहां रह रहे सभी 31 बुजुर्गों को सुरक्षित रूप से सामाजिक न्याय विभाग में पंजीकृत दूसरे आश्रमों में स्थानांतरित कर दिया गया है. ऐसी आशंका भी जताई जा रहा है नाबालिग युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. 

गुरु पूर्णिमा की पूजा के दौरान हुई वारदात

मामले में सफाई देते हुए आश्रम की संचालिका नीलम दुबे ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना के लिए कुछ समय के लिए आश्रम से बाहर गई थीं. उन्होंने जानकारी दी कि यह ओल्ड एज होम वह अपनी बहन के साथ मिलकर संचालित करती हैं. संचालिका के अनुसार वीडियो में दिख रहा नाबालिग मानसिक रूप से बीमार है और कुछ महीने पहले ही उसकी मां का निधन हुआ था. प्राथमिक तौर पर किसी बात को लेकर हुए आपसी विवाद के बाद नाबालिग ने बुजुर्ग पर डंडे से हमला कर दिया.

प्रशासन की सख्त कार्रवाई और जांच के आदेश

प्रशासन ने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है. एसडीएम निधि वर्मा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि आश्रम में रह रहे 31 वृद्धजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई पूरी की गई है. प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषियों पर आगे की और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: चींटियों ने दुर्ग जिला अस्‍पताल में रोके ऑपरेशन, OT की टाइल्स उखड़ी, दरारों से अंदर पहुंचीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close