भारत सरकार की रिफाइनरी तेल पाइपलाइन में कथित सेंध लगाकर तेल चोरी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ मथुरा पुलिस (यूपी) ने कोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. कार्रवाई मध्य प्रदेश के इंदौर और देवास में की गई, जहां कारोबारी अशोक कुमार की 19 करोड़ 44 लाख 16 हजार रुपये की कथित अवैध संपत्ति कुर्क व जब्त कर ली गई. मथुरा पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोक कुमार ने तेल चोरी से कमाए अवैध धन से देवास जिले में करोड़ों रुपये की जमीन व पेट्रोल पंप और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं.
दरअसल, मथुरा पुलिस की जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश के तेल कारोबारी आरोपी अशोक कुमार भारत सरकार के उपक्रम की रिफाइनरी तेल पाइपलाइन में अवैध रूप से सेंध लगाकर तेल चोरी करने का काम लंबे वक्त से कर रहा है. गहराई से जांच में पता चला है कि यह पूरा एक संगठित गिरोह का काम है.
इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जिला मजिस्ट्रेट मथुरा के आदेश पर देवास प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने देवास के सोनकच्छ क्षेत्र के खोयरा, बेराखेड़ी और इंदौर के सांवेर बी गांवों में स्थित संपत्तियों को कुर्क और सील कर दिया. साथ ही आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
अवैध रूप से 19.44 करोड़ से अधीक की संपत्ति बनाई
मथुरा पुलिस ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों में करीब 19.44 करोड़ रुपये मूल्य की कृषि भूमि, एक पेट्रोल पंप, 12.50 लाख रुपये नकद, एक क्वालिस कार और तेल का टैंकर शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान सभी संपत्तियों पर कुर्की के आदेश चस्पा किए गए और मुनादी भी कराई गई.
पत्नी, बच्ंचो के नाम की अवैध संपत्ति
मथुरा की फरह थाना पुलिस ने 1 जनवरी 2025 को गैंगस्टर एक्ट में अशोक कुमार के खिलाफ एफआईर दर्ज की गई. आरोपी इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र के कंचन बाग का रहने वाला था और देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में एमजी रोड पर रह रहा था. अभियुक्त अशोक कुमार पर आरोप था कि उसने एक गिरोह बनाकर रिफाइनरी तेल पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी कर रहा था. इस तेल की कमाई से उसने सोनकच्छ के खोयरा गांव में बेटे रुपम के नाम पर 3.0500 हेक्टेयर जमीन खरीदी, जिसकी अनुमानित कीमत 8,20,80,000 है. साथ ही दूसरे बेटे शुभम के नाम पर 2.7300 हेक्टेयर (अनुमानित कीमत 7,34,70,000 रुपये) खरीदी थी. बेराखेडी गांव खुद के नाम पर 0.1700 हेक्टेयर जमीन खरीदी. सांवेर बी गांव में पत्नी किरण के नाम पर 0.1100 और हेक्टेयर जमीन खरीदी. इसके अलावा आरोपी के नाम पर एक पेट्रोल पंप भी चल रहा था.
ये भी पढ़ें- पन्ना की तरह MP के इस जिले में भी हीरों का भंडार, 22 लाख कैरेट से ज्यादा का अनुमान; खनन के लिए मुंबई होगी मीटिंग