विज्ञापन

Ind vs Pak T20: एमपी में सिर चढ़कर बोला भारत-पाक मैच का जादू, गांधी चबूतरा को बना डाला मिनी स्टेडियम

भारत-पाक टी20 मैच का असर मध्य प्रदेश में साफ दिख रहा है. रायसेन के उदयपुरा में गांधी चबूतरा मिनी स्टेडियम में बदल गया, जहां एलईडी स्क्रीन पर सैकड़ों लोग लाइव मैच देखकर टीम इंडिया का समर्थन कर रहे हैं.

Ind vs Pak T20: एमपी में सिर चढ़कर बोला भारत-पाक मैच का जादू, गांधी चबूतरा को बना डाला मिनी स्टेडियम

India vs Pakistan T20: मध्य प्रदेश में भी भारत-पाक टी20 मुकाबले का रोमांच चरम पर रहा. भारत ने पाक‍िस्‍तान को 61 रन से हरा द‍िया. मध्‍य प्रदेश में भी भारत-पाक‍िस्‍तान महामुकाबले का जादू स‍िर चढ़कर बोला है. 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए हाईवोल्टेज मैच ने प्रदेश के शहरों और कस्बों में अलग ही माहौल बना दिया. मध्‍य प्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा में गांधी चबूतरा मिनी स्टेडियम में तब्दील हो गया, जहां सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी एक साथ जुटकर एलईडी स्‍क्रीन पर लाइव देखा. 

175 रन बनाकर भारत ने रखी मजबूत नींव

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 175 रन बनाए. शुरुआती झटके के बाद ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में पारी संभाली. उन्होंने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 40 गेंदों में 77 रन (10 चौके, 3 छक्के) ठोके. सूर्यकुमार यादव ने 32, तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रन जोड़े. पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए. जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाती नजर आई और 18 ओवर में 114 रन पर सभी 10 विकेट गंवा दिए. भारत ने 61 रन से मैच जीत ल‍िया.  

india vs Pakistan t20 fever Madhya Pradesh udaipura Gandhi chabutra mini stadium 

india vs Pakistan t20 fever Madhya Pradesh udaipura Gandhi chabutra mini stadium 

उदयपुरा में एलईडी स्क्रीन पर लाइव मुकाबला

रायसेन के उदयपुरा में हिंदू उत्सव समिति द्वारा दो स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी. गांधी चबूतरा पर ऐसा माहौल दिखा मानो कोई बड़ा स्टेडियम हो. लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा गया. हर चौके-छक्के पर तालियां और हर विकेट पर जोरदार शोर सुनाई दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

प्रदेश के अन्य शहरों में भी दिखा क्रिकेट का जुनून

भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई शहरों में भी क्रिकेट प्रेमी बड़ी स्क्रीन और टीवी के सामने जुटे रहे. कई जगह बाजारों में सन्नाटा तो चौक-चौराहों पर भीड़ देखने को मिली. भारत-पाक मुकाबले ने एक बार फिर प्रदेश को क्रिकेट और देशभक्ति के रंग में रंग दिया है.  

Latest and Breaking News on NDTV

उदयपुरा में भाईचारे के साथ जश्न

रायसेन जिले की उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में गांधी चबूतरे पर पहले से ही एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी. दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग मुकाबला देखने जुटे.

खास बात यह रही कि हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक साथ बैठकर मैच का आनंद लेते नजर आए. भारत की जीत के बाद दोनों समुदायों ने मिलकर जश्न मनाया और एकता की मिसाल पेश की.

जैसे ही जीत तय हुई, पूरा प्रांगण ‘भारत माता की जय' और ‘वंदे मातरम्' के नारों से गूंज उठा. युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर तिरंगा लहराया और जमकर आतिशबाजी की.

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ब्रिज किशोर लोया भी मौजूद रहे. उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, क्रिकेट प्रेमियों और पुलिस प्रशासन को मिठाई बांटकर खुशी साझा की. 

Latest and Breaking News on NDTV

देवास में एबी रोड पर उमड़ा जनसैलाब

इधर देवास शहर में भी भारत की जीत का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. एबी रोड और सैयाजी द्वार क्षेत्र में बड़ी संख्या में देवासवासी एकत्रित हुए. हाथों में तिरंगा झंडा लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय' के जयकारे लगाए. एबी रोड देशभक्ति के नारों से गूंज उठा. युवाओं ने सड़कों पर उतरकर जीत की खुशी मनाई और भारत की शानदार जीत पर गर्व जताया. देवास में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा और पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.


ICC T20 World Cup: कोलंबो में भारत का जलवा, ईशान के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, इंड‍िया 61 रन से जीता

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close