मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर बढ़ते विरोध के बीच हरदा जिले के सिराली में किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सोमवार, 8 जून को बड़ी संख्या में लोग विद्युत विभाग के मुख्य कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया. साथ ही विद्युत विभाग के मुख्य कार्यालय का घेराव किया.
उपभोक्ताओं ने की ये मांग
सिराली में आयोजित इस आंदोलन में किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने स्मार्ट मीटर की अनिवार्य स्थापना का विरोध करते हुए इसे उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण का माध्यम बताया. प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए एवं कथित गलत बिजली बिल वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना पर रोक लगाने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की.
उग्र आंदोलन करने की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम उपभोक्ता और किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. वहीं प्रशासन और पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: MP में प्री मानसून बारिश, आज इन जिलों में गिरेगा पानी! छत्तीसगढ़ में गर्मी से हाल-बेहाल, पारा 45 डिग्री पहुंचा
ये भी पढ़ें: ग्वालियर के स्पा सेंटर में छापा, किचन में छिपी मिली लड़कियां; ASP ने दी सलाह