Massive Fire in Harda: हरदा जिले की ग्राम पंचायत बडझिरी में आज एक भीषण अग्निकांड ने पूरे गांव को दहला दिया. अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिसमें 7 से 8 मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गए. इस आगजनी में एक बैल और चार बकरियों की जलकर मौत हो गई. बता दें कि इस भीषण आगजनी में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
8 घरों को अपनी चपेट में ले लिया
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे बिजली के खंभे पर लगे तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में नंदराम, सोम, सुक्कू, राधेलाल, सुंदरबाई, लखन, मांगीलाल और घासीराम सहित कई परिवारों के मकान जलकर राख हो गए. घरों में रखा अनाज, नकदी, सिलाई मशीन, खेती के उपकरण, पाइप और पूरा गृहस्थी का सामान जल गया.
इतना ही नहीं, एक ट्रैक्टर, एक बैल और चार बकरियां भी आग की चपेट में आकर जल गईं.

Harda Fire: घर के अंदर खड़ी ट्रैक्टर भी जलकर खाक.
तहसीलदार, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उस पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका. घटना की सूचना मिलते ही रहटगांव तहसीलदार, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पूर्व विधायक संजय शाह ने वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवारों से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है, वहीं वर्तमान विधायक अभिजीत शाह भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं.
बैल और चार बकरियों की मौत
रहटगांव तहसीलदार देवीशंकर दुर्वे ने बताया कि सूचना के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची है. पंचनामा बनाए जा रहा है... उचित मुआवजा दिलाया जाएगा. लगभग आठ घरों में नुकसान हुआ है, जिसमें एक ट्रैक्टर, एक बैल और चार बकरियां शामिल हैं.

Harda Fire: घर में रखा हुआ पूरा सामान जलकर खाक.
मगरधा डिप्टी रेंजर विनोद इरपाचे ने बताया कि विभाग की टीम मौके पर पहुंची है. पंचनामा बनाया जा रहा है. शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है. लोगों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा.
सारा सामान जलकर खाक
पीड़ित महिला नानी वाई ने बताया कि घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया है. खाने पीने की सामग्री घर में रखा हुआ था. अनाज, आभूषण और नगदी पैसे भी पूरे जल गए हैं. साथ ही घर के अंदर खड़ी ट्रैक्टर को नुकसान हुआ. सात ही एक बैल और चार बकरियों की जलने से मौत हो गई. है.
ग्रामीण रामदास ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी. पहले एक घर में आग लगी, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू न पाया गया और देखते ही देखते आठ घरों में आग लग गई. नेटवर्क की समस्या और पास में फायर ब्रिगेड ना होने के कारण घर जलकर खाक हो गए.