विज्ञापन
This Article is From Apr 14, 2026

VIDEO: बीच सड़क पर आपस में भिड़ीं दो बाइक, 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मां गंभीर घायल 

हरदा जिले में बीच सड़क पर दो बाइकों की आमने‑सामने टक्कर में 48 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा तब हुआ जब बाइक पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रही थी.

VIDEO: बीच सड़क पर आपस में भिड़ीं दो बाइक, 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मां गंभीर घायल 

Harda Bike Accident Video: हरदा जिले से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने दूसरी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक चला रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा‑तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

पेट्रोल पंप पर मुड़ते वक्त हुआ हादसा

यह दुर्घटना हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुई. मृतक की पहचान 48 वर्षीय संतोष बछेल के रूप में हुई है. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, संतोष अपनी मां सुशीला बाई के साथ बाइक से हरदा शहर आ रहे थे. रास्ते में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक मोड़ी, उसी समय मगरधा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी.

सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है.

मां जिला अस्पताल में भर्ती

हादसे में संतोष की मां सुशीला बाई भी बुरी तरह घायल हो गईं. उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है.

शादी की खरीदारी के लिए निकले थे घर से

परिजनों ने बताया कि संतोष अपनी छोटी बहन की शादी के लिए कपड़े खरीदने के उद्देश्य से हरदा आ रहे थे. लेकिन किसे पता था कि यह यात्रा परिवार के लिए इतनी बड़ी त्रासदी बन जाएगी. शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.

आरोपी बाइक चालक फरार

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी बाइक को मौके पर पकड़ लिया, लेकिन बाइक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com