ग्वालियर के पॉश इलाके झांसी रोड स्थित माधवनगर गेट के सामने चल रही ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने पर महिला ने सड़क पर जमकर हंगामा किया. कार में अवैध रूप से पुलिस का हूटर लगा था और उसे महिला का बेटा चला रहा था. ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड लगाकर कार को रोका तो महिला ट्रैफिक पुलिस के जवानों से बहस और गाली-गलौज करने लगी.
वायरल वीडियो के अनुसार, महिला की बिना नंबर प्लेट की कार में पुलिस का हूटर लगा था. ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध लगने पर चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी भगाने की कोशिश की. जवानों ने सड़क पर बैरिकेड लगा दिए, जिसके बाद कार रोकनी पड़ी. इसके बाद कार में बैठी महिला भड़क उठी. पूछताछ में सामने आया कि कार चला रहे युवक और उसकी मां दोनों के पास ड्राइविंग लाइसेंस (DL) नहीं है.
'यह टीआई सुनील शर्मा की कार है'
बैरिकेड लगाने के कारण कार रुकने के बाद महिला तमतमाती हुई नीचे उतरी और ट्रैफिक जवानों से बहस करने लगी. उसने पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कहा, "यह टीआई सुनील शर्मा की गाड़ी है, जो करना है कर लो." पुलिसकर्मियों ने नियमों के तहत चालानी कार्रवाई शुरू की तो महिला गाली-गलौज करने लगी. उसने कहा, "चालान काटना है तो काटो, मैं कोर्ट में भुगतूंगी."
महिला के हंगामे पर भीड़ हो गई जमा
महिला के हंगामे और पुलिसकर्मियों से बहस के कारण सड़क पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई. इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस वायरल वीडियो और वाहन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ट्रैफिक पुलिस ने क्या बताया?
ट्रैफिक टीआई धनंजय शर्मा के अनुसार, महिला का नाम रीना शर्मा बताया जा रहा है. वह खुद को भोपाल में पदस्थ टीआई सुनील शर्मा की पत्नी बता रही थी. घटना के दौरान कार चला रहे युवक का नाम अतुल शर्मा है, जिसे वह अपना बेटा बता रही थी. महिला मोहना थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है. ट्रैफिक पुलिस ने कार का 4 हजार रुपये का चालान किया है. इसके बाद महिला ने अपनी गलती मानते हुए पुलिसकर्मियों से माफी भी मांग ली और वहां से चली गई.
ये भी पढ़ें- MP: नाबालिग हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, प्राइवेट पार्ट काटकर बेचने की आशंका, तालाब किनारे मिला था शव