विज्ञापन

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, RPF ने दर्ज किया मामला

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्कॉर्पियो के दौड़ने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन के प्रवेश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, RPF ने दर्ज किया मामला

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्कॉर्पियो अचानक दौड़ती हुई नजर आई. प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन की एंट्री और प्लेटफॉर्म के भीतर उसकी तेज रफ्तार आवाजाही ने वहां मौजूद यात्रियों को हैरान कर दिया. कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंच गई स्कॉर्पियो

मंगलवार को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ जवानों ने देखा कि काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक 25 BH 1420 R प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गई. वाहन चालक प्लेटफॉर्म पर ही गाड़ी चलाते हुए ट्रेन परिचालन विभाग और यात्री कैंटीन के सामने तक पहुंच गया. यह इलाका रेलवे स्टेशन का संवेदनशील हिस्सा माना जाता है, जहां पूरे समय यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है.

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

घटना के समय स्टेशन पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी. वहीं स्टेशन के उन्नयन और निर्माण कार्यों के चलते प्लेटफॉर्म पर पहले से ही जगह सीमित है. ऐसे में प्लेटफॉर्म के बीचोंबीच स्कॉर्पियो दौड़ती देख लोग घबरा गए. कई यात्रियों ने खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

रोकने की कोशिश, लेकिन फरार हो गया चालक

आरपीएफ जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया. बताया जा रहा है कि उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और रेलवे स्टेशन परिसर से बाहर निकलकर फरार हो गया. हालांकि इस दौरान वाहन की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई. घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

वीडियो और वाहन नंबर के आधार पर कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ निरीक्षक के निर्देश पर ग्वालियर पोस्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है. वीडियो फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. रेलवे सुरक्षा बल अब वाहन चालक की पहचान और उसके स्टेशन तक पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है.

आरपीएफ ने अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 159 और 147 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. मामले की जांच उपनिरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ को सौंपी गई है. जांच अधिकारी ने परिवहन विभाग से वाहन के पंजीयन और वाहन मालिक की पूरी जानकारी मांगी है, ताकि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.

चालक की तलाश जारी

फिलहाल आरपीएफ वीडियो फुटेज, वाहन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालक की तलाश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close