मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सेना के रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई रिवॉल्वर, सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी समेत करीब 8 लाख रुपए का माल बरामद किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने एक आरोपी को किसी और मामले में पकड़ा था, लेकिन पूछताछ में उसने रिटायर सूबेदार के घर हुई चोरी की वारदात कबूल कर ली.
दरअसल, ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित आदित्यपुरम वैष्णवीधाम फेस-2 निवासी बृजेश कुमार सिंह ने 29 अक्टूबर 2023 को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पत्नी के साथ घर से बाहर गए थे. वापस आने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला. चोर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपए नकद, एलईडी टीवी और उनकी लाइसेंसी 7.65 एमएम रिवॉल्वर चोरी कर ले गए थे.

पूछताछ में आरोपी ने कबूल की वारदात
मामले में पुलिस को अहम सुराग हजीरा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी राजकुमार जाटव से पूछताछ के दौरान मिला. इसके बाद महाराजपुरा पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथी प्रदीप राठौर के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी
इस खुलासे के बाद पुलिस ने प्रदीप राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और एलईडी टीवी बरामद की गई. पूछताछ में प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी की रिवॉल्वर देवेंद्र यादव को बेच दी थी. इसके बाद पुलिस ने देवेंद्र यादव को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिल सकती है.
विधवा बहन के घर से लूटे 50 लाख के रुपए-गहने, वारदात के बाद खुद ने दर्ज करवाई FIR