ग्वालियर में 42 साल की भाभी के प्यार में पागल होकर एक युवा फोटोग्राफर ने जान दे दी. दुनिया छोड़ने से पहले फोटोग्राफर ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने भाभी से प्रेम का जिक्र किया है. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के सिकंदर कंपू स्थित गड्ढा वाला मोहल्ला की है. यहां रहने वाले 22 वर्षीय फोटोग्राफर मोंटी मोरे ने अपने घर में जान दे दी. घटना का खुलासा तब हुआ, जब उसकी बहन कमरे में पहुंची और मोंटी को फंदे पर लटका देखा. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल में शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया.
वह मुझे नहीं मिली, इसलिए जान दे रहा हूं
शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10वीं पास मोंटी रिश्ते में भाभी लगने वाली 42 साल की महिला से एकतरफा प्रेम करता था. सुसाइड नोट में उसने प्रेम संबंध में असफल रहने और भाभी को न पा सकने की बात का जिक्र किया है. नोट में उसने लिखा...
तुमने मुझे नहीं समझा
मोंटी ने सुसाइड नोट में भाभी का मोबाइल नंबर भी लिखा है. साथ ही 'मेरी जान' और 'आई लव यू' जैसे शब्द लिखे हैं. नोट के आखिर में उसने लिखा- "तुम सबको मैं इतना बुरा लगता था, इसलिए जा रहा हूं. मम्मी, तुम कहती थीं न कि मर जा, तो लो मैं मर रहा हूं. शशि, तुमने मुझे नहीं समझा. मेरी मौत की जिम्मेदार तुम हो. मरने के बाद मुझे इंसाफ चाहिए. बाकी सब लोग मुझे माफ कर देना."
पुलिस कर रही जांच
सीएसपी ग्वालियर रोबिन जैन ने बताया कि मोंटी रिश्ते की भाभी से प्यार करता था. उसके इनकार करने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था. इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है. हालांकि, पुलसि हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.