ग्वालियर में दिनदहाड़े 19 साल की युवती को अगवा कर ऑटो में गैंगरेप करने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने युवती को जबरन नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और गैंगरेप करने के बाद बेला की बावड़ी इलाके की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी पीड़िता को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तीन थानों के चक्कर काटने पड़े.
बाजार जाने के लिए निकली थी युवती
पीड़िता के अनुसार, घटना 4 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे की है. वह महाराज बाड़ा जाने के लिए अपने घर से निकली थी. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलकापुरी चौराहे के पास आरोपी छोटू खान अपने ऑटो के साथ पहुंचा और युवती को जबरन बैठने के लिए कहने लगा. जब युवती ने मना किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी. इसी दौरान ऑटो की पिछली सीट पर बैठे दूसरे आरोपी नरेश कुशवाहा ने युवती का हाथ खींचकर उसे जबरन ऑटो के अंदर बैठा लिया.
पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात
ऑटो में बैठाने के बाद बदमाशों ने युवती के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उसे जबरन नशीला पानी पिला दिया. पानी पीते ही युवती बेहोश हो गई. आरोप है कि बेसुध हालत में दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर शहर से दूर बेला की बावड़ी इलाके में झाड़ियों के बीच फेंककर भाग निकले. शाम करीब 4 बजे जब युवती को हल्का होश आया, तो उसने आसपास मौजूद लोगों की मदद से परिजनों और पुलिस को सूचना दी.
FIR के लिए 3 थानों के काटने पड़े चक्कर
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने पहुंची, तो उसे पुलिसिया रवैये का सामना करना पड़ा. सबसे पहले परिजन पीड़िता को गिरवाई थाने लेकर पहुंचे, लेकिन वहां महिला पुलिस अधिकारी मौजूद न होने का हवाला देकर उन्हें दूसरे थाने जाने को कहा गया. इसके बाद परिजन उसे माधौगंज थाने ले गए, जहां महिला पुलिस अधिकारी ने बयान सुने और शून्य (Zero) पर FIR दर्ज की. घटना की शुरुआत अलकापुरी चौराहे से हुई थी, इसलिए केस डायरी विश्वविद्यालय थाने भेजी गई, जिसके बाद आरोपियों पर नामजद केस दर्ज हुआ.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
ग्वालियर के एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि केस डायरी मिलते ही दोनों आरोपियों- छोटू खान और नरेश कुशवाहा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.