गुना शहर के व्यस्त तलैया मोहल्ला चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने बीच सड़क पर भाजपा नेता की कॉलर पकड़कर उनकी पिटाई शुरू कर दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. पिटाई का शिकार हुए व्यक्ति भाजपा के बूथ अध्यक्ष बाबूलाल सेन बताए जा रहे हैं. मामला पारिवारिक रिश्तों, बैंक लोन और पैसों के विवाद से जुड़ा है. महिला का आरोप है कि उसके नाम पर लाखों रुपये का लोन लेकर उसे आर्थिक परेशानी में डाल दिया.
चौराहे पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
तलैया मोहल्ला चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने भाजपा नेता बाबूलाल सेन को रोककर उनसे बहस शुरू कर दी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और महिला ने उनकी कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारने शुरू कर दिए. बीच सड़क पर हुए इस घटनाक्रम को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
5 लाख रुपये के लोन को लेकर विवाद
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी संगीता सेन का आरोप है कि वर्ष 2017 में उनके चाचा बाबूलाल सेन ने उनके नाम पर 5 लाख रुपये का बैंक लोन निकलवाया था. उनका कहना है कि लोन की रकम उन्हें नहीं मिली और न ही पैसा बैंक में जमा किया. इसके कारण अब बैंक की ओर से उनसे वसूली की जा रही है, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
पहले भी कर चुकी हैं शिकायत
संगीता सेन का कहना है कि वह मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी. उनका दावा है कि लोन और पैसों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज नष्ट कर दिए और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की भी की. उनका कहना है कि लंबे समय तक सुनवाई नहीं होने के कारण उनका गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा.
भाजपा नेता ने आरोपों को बताया गलत
वहीं बाबूलाल सेन ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि संगीता उनकी रिश्तेदारी में भतीजी लगती है और उन्होंने केवल बैंक से लोन दिलाने में मदद की थी. बाबूलाल के अनुसार, लोन की राशि या अन्य किसी आर्थिक लेन-देन से उनका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे गलत तरीके से पैसों की मांग की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार सुमन ने बताया कि सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ है. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.