विज्ञापन

मध्‍य प्रदेश: गर्लफ्रेंड से म‍िलने आए युवक पर बरपा कहर, दोस्‍त जान बचाकर भाग छूटा 

Guna Murder Case: मध्य प्रदेश के गुना जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गांव में तनाव के चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

मध्‍य प्रदेश: गर्लफ्रेंड से म‍िलने आए युवक पर बरपा कहर, दोस्‍त जान बचाकर भाग छूटा 

Guna Murder Case: मध्य प्रदेश के गुना जिले के चांचौड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम कोन्याकला में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान गिरीश मीणा पुत्र रघुवीर सिंह मीणा, निवासी ग्राम मोहनपुर के रूप में हुई है. वह पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे बताए जा रहे हैं.

दोस्त के सामने हुआ हमला

मृतक के दोस्त कृष्णगोपाल मीणा (निवासी तुलसीखेड़ी) के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह गिरीश के साथ एक अल्टो कार से कोन्याकला गांव गया था. गिरीश गांव के स्कूल के पास किसी महिला से मिलने गया, जबकि कृष्णगोपाल कार में ही बैठा रहा.

इसी दौरान गांव के चंदू मीणा, रामविलास मीणा, मनीष मीणा और गोविंद मीणा मौके पर पहुंचे और गिरीश को चारों ओर से घेर लिया. आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. जब कृष्णगोपाल ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद वह जान बचाकर वहां से भागा और फोन पर परिजनों को सूचना दी.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन बीनागंज अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस गिरीश को लेकर आई थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. गिरीश के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि उसकी मौत अत्यधिक मारपीट के कारण हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए चांचौड़ा भेज दिया गया है.

4 आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने कृष्णगोपाल मीणा की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 296(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

ASP ने क्या कहा?

इस मामले में एएसपी मानसिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक का एक महिला से प्रेम-प्रसंग था और वह उससे मिलने गया था. इसी दौरान गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close