गुना जिले के विशनवाड़ा रोड स्थित वन विभाग कार्यालय में पदस्थ एसडीओ सुरेश अहिरवार पर 28 साल की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़ित महिला एसडीओ सुरेश अहिरवार के घर खाना बनाने का काम करती है. पीड़िता ने एसडीओ पर शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. बमोरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
खाना बनाने का करती थी काम
28 साल की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी बुआ ने उसे जानकारी दी थी कि बमोरी में पदस्थ एसडीओ फॉरेस्ट सुरेश अहिरवार को अपने बंगले पर खाना बनाने वाले की आवश्यकता है. इसके बाद वह अपनी बुआ और भाई के साथ बात करने गई थी, 14 फरवरी 2024 से उसने एसडीओ के बंगले पर खाना बनाना शुरू किया. सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से पीडि़ता और उसका भाई रात में उसी बंगले पर रुकते थे और सुबह अपने घर लौट आते थे.
पहली बार 18 फरवरी 2024 को किया रेप
शिकायत के अनुसार, 18 फरवरी 2024 की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच पीड़िता हमेशा की तरह खाना बनाने बंगले पर गई थी. उसका भाई भी साथ था, लेकिन एसडीओ सुरेश अहिरवार ने उसे किसी काम से बाहर भेज दिया, जब पीड़िता रसोई में काम कर रही थी, तभी दूसरे कमरे से कुछ गिरने की आवाज आई. पीड़िता ने जाकर देखा तो एसडीओ के पैर में चोट लगी थी. दर्द से तड़पते देख उसने सहानुभूति पूर्वक अधिकारी के पैर में बाम लगाना शुरू कर दिया. इस दौरान उनकी नियत बिगड़ गई और उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपी ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का झांसा दिया.
8 महीने किया शारीरिक शोषण
पीड़िता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद से एसडीओ सुरेश अहिरवार आए दिन शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने लगे. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की भी जाती. यह सिलसिला 18 फरवरी 2024 से लेकर 27 अगस्त 2024 तक लगातार चलता रहा. जब भी पीड़िता शादी का दबाव बनाती तो आरोपी उसे केवल आश्वासन देता और भरोसा जीतने के लिए कई बार अलग-अलग मंदिरों में भी लेकर गया.
आरोपी अधिकारी ने जान से मारने की धमकी दी
पीड़िता के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने शादी करने से साफ मना किया तो पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी. इस पर आरोपी एसडीओ ने धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट की तो 'तुझे और तेरे पूरे परिवार को जान से खत्म कर दूंगा'. आरोपी ने पीड़िता को डराया कि उसके पास कुछ अश्लील वीडियो हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगा. इसके डर से पीड़िता अब तक चुप रही. अब हिम्मत जुटाकर वह बमोरी थाने पहुंची और एसडीओ के खिलाफ केस दर्ज कराया.
शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
गुना, एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि पीड़ित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई की जा रही है. पीड़िता ने वन विभाग बमोरी में पूर्व में एसडीओ फॉरेस्ट के पद पर पदस्थ सुरेश अहिरवार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है.