विज्ञापन

रीवा में बाढ़ से हालात खराब: आधे शहर के घरों में घुसा पानी, क्यूटी झरना ओवरफ्लो हुआ

लगातार भारी बारिश से रीवा जिले में बाढ़ जैसी स्थिति है. महाना नदी उफान पर है, उसका पानी रीवा-कटरा-प्रयागराज मार्ग पर क्यूटी वॉटरफॉल के पास पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे मार्ग बंद हो गया है. आधे शहर के घरों में पानी घुस गया है.

रीवा में घरों में घुसा पानी.
NDTV

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. लगातार बारिश के चलते महाना नदी उफान पर है. नदी का पानी रीवा-कटरा-प्रयागराज मार्ग पर क्यूटी वॉटरफॉल (झरना) के पास पुल के ऊपर से बह रहा है, जिस कारण मार्ग बंद हो गया है. वहीं, रीवा शहर में तो व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है. यहां आधे शहर के घरों में पानी घुस गया है, कई घरों को तो नुकसान पहुंचा है. 

घरों में पानी घुसने से किसी का घरेलू सामान डूब गया तो किसी के घर में रखा सिलेंडर तक बह गया. यानी बारिश हुई तो पानी आसमान से आया, लेकिन निकासी व्यवस्था शायद छुट्टी पर चली गई.

Latest and Breaking News on NDTV

NDTV की खबर के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी रीवा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. कलेक्टर ने प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

रीवा में लगातार बारिश के बाद

क्यूटी वाटरफॉल में महाना नदी का रौद्र और विहंगम दृश्य देखने को मिल रहा है। दोनों जलप्रपातों से महाना का पानी तेज बहाव के साथ गिर रहा है. बताया जा रहा है कि पहली बार महाना नदी का पानी सूखे वाले जलप्रपात तक भी पहुंचा है. तेज बहाव के बावजूद क्यूटी का प्राचीन शिव मंदिर अभी सुरक्षित है. प्रशासन ने लोगों से नदी और पुल के आसपास न जाने की अपील की है.

Latest and Breaking News on NDTV

सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा

लोगों का कहना है कि घर के अंदर से लेकर बाहर तक सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. किसी के बिस्तर भीगे, किसी का राशन खराब हुआ तो किसी के घर का जरूरी सामान पानी में तैरता नजर आया. हालात इतने बिगड़े कि कुछ लोगों के घरों में रखा सिलेंडर तक पानी के बहाव में बह गया.

Latest and Breaking News on NDTV

जिम्मेदार लोग जल निकासी की व्यवस्था नहीं कर पा रहे

बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हुई, जिनके घरों में पानी घुस गया. लोगों का कहना है कि बारिश थमने के बाद भी घरों से पानी निकालना किसी चुनौती से कम नहीं है. हर साल बारिश आती है, हर साल जलभराव होता है और हर साल जिम्मेदारों की तरफ से व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे भी आते हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार पानी घर के अंदर है और दावे शायद फाइलों के अंदर.

Latest and Breaking News on NDTV

फिलहाल लोगों की सबसे बड़ी चिंता घर में भरा पानी और उससे खराब हुआ सामान है. लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द मौके पर पहुंचेगा, जलभराव वाले इलाकों से पानी निकाला जाएगा और ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी इंतजाम किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- बुढ़नेर नदी के तेज बहाव में बह रहा था बेजुबान, डिंडोरी के जांबाज ग्रामीण ने जान पर खेलकर ऐसे बचाई जिंदगी 

रीवा से अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट...

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close