विज्ञापन
This Article is From Jan 10, 2026

जबलपुर में शादी तोड़ने से नाराज हुआ पूर्व मंगेतर, गर्दन और सीने पर ताबड़तोड़ चाकू घोंप युवती की हत्या

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोपी युवक साहिल रजक ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.

जबलपुर में शादी तोड़ने से नाराज हुआ पूर्व मंगेतर, गर्दन और सीने पर ताबड़तोड़ चाकू घोंप युवती की हत्या
फोटो- मेटा एआई.

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में दहेज की मांग को लेकर शादी तोड़े जाने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर 19 वर्षीय युवती की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हत्या के आरोप में साहिल रजक और उसके साथी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है.

उन्होंने बताया कि ऋचा रजक इमलिया गांव की निवासी थी और रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी. एएसपी ने कहा कि ऋचा की मुलाकात करीब दो साल पहले एक शादी समारोह में साहिल से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बने. दोनों परिवारों ने विवाह तय कर सगाई भी कर दी थी और शादी फरवरी में होनी थी.

दहेज और गलत बोलने पर तोड़ी शादी

उन्होंने बताया कि आरोप है कि साहिल ने बाद में ऋचा के परिजनों से फोन पर पांच लाख रुपये दहेज की मांग की और उन्हें अपशब्द भी कहे, जिसके बाद ऋचा ने शादी तोड़ दी और उससे संबंध समाप्त कर लिए. शर्मा ने कहा कि साहिल को शक था कि ऋचा किसी और से बातचीत कर रही है और वह उसे फोन पर धमकियां देने लगा.

गर्दन और सीने पर किए वार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात साहिल और अजय मोटरसाइकिल से अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके में पहुंचे और उन्होंने फैक्टरी से घर लौट रही ऋचा को बीच रास्ते में रोक लिया. उन्होंने कहा, “दोनों ने चाकू से उस पर हमला किया. उसकी गर्दन पर एक और सीने पर तीन-चार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.'

शर्मा ने बताया कि ऋचा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई. मामले की आगे जांच की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com