विज्ञापन

शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक करतूत! शराब पीकर पहुंचा प्रधान पाठक, क्लास रूम में ही सो गया

सिवनी जिले के ताखला एकीकृत माध्यमिक शाला में प्रभारी प्रधान पाठक सुरेश उईके का शराब के नशे में क्लासरूम में सोने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया. ग्रामीणों की शिकायत पर जांच टीम स्कूल पहुंची तो शिक्षक मौके से भाग निकले.

शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक करतूत! शराब पीकर पहुंचा प्रधान पाठक, क्लास रूम में ही सो गया

Drunk Teacher Classroom: शिक्षा के मंदिर में ऐसी हरकत किसी को भी शर्मसार कर सकती है. सिवनी जिले के छपारा विकासखंड में स्थित ताखला एकीकृत माध्यमिक शाला के प्रभारी प्रधान पाठक सुरेश उईके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे शराब के नशे में धुत होकर क्लासरूम में ही सोते दिखाई देते हैं. यह घटना न केवल स्कूल की गरिमा पर सवाल खड़े करती है बल्कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ की गंभीर चिंता भी पैदा करती है.

क्लासरूम में शराब के नशे में सोते मिले शिक्षक

वायरल वीडियो में प्रधान पाठक सुरेश उईके स्कूल के क्लासरूम में शराब के नशे में लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो 23 जनवरी का बताया जा रहा है और सोशल मीडिया पर आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई है. स्कूल जैसा पवित्र स्थान, जहां बच्चे अपना भविष्य संवारने आते हैं, वहां शिक्षक का इस तरह पेश आना सभी के लिए हैरान करने वाला है.

शिकायत पर जांच टीम स्कूल पहुंची 

ग्रामीणों ने जब यह वीडियो देखकर शिकायत दर्ज कराई, तो जांच टीम स्कूल पहुंची. टीम को देखते ही प्रधान पाठक सुरेश उईके मौके से भाग खड़े हुए. ग्रामीणों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है बल्कि शिक्षक सप्ताह में केवल 1–2 दिन स्कूल आते हैं और अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ते रहे हैं.

बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक की लापरवाही लंबे समय से जारी है. बच्चों को पढ़ाने की जगह अनुपस्थिति, नशे की हालत में स्कूल आना और शिक्षकीय जिम्मेदारियों से दूरी ये सब बातें बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के माहौल को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही हैं. इससे बच्चों के भविष्य पर सीधा असर पड़ रहा है.

वीडियो वायरल होने से प्रशासन में हड़कंप

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई है. जांच टीम ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर ली है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. ग्रामीणों की उम्मीद है कि ऐसे गैरजिम्मेदार शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close