विज्ञापन
This Article is From Dec 25, 2025

छिंदवाड़ा में मानवता और सूझबूझ की मिसाल: युवक को मौत के मुंह से खींच लाए डॉक्टर, बाइक चलाते समय आया हार्ट अटैक

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक डॉक्टर ने चलती बाइक पर हार्ट अटैक आने से गिरे युवक की जान बचाई. डॉक्टर दिनेश ठाकुर ने तत्काल सीपीआर देकर युवक को मौत के मुंह से बाहर निकाला.

छिंदवाड़ा में मानवता और सूझबूझ की मिसाल: युवक को मौत के मुंह से खींच लाए डॉक्टर, बाइक चलाते समय आया हार्ट अटैक

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से मानवता और सूझबूझ की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. शहर के व्यस्त सत्कार तिराहे के पास सड़क पर मौत से जंग लड़ रहे एक युवक के लिए मेडिकल कॉलेज के डॉ. दिनेश ठाकुर देवदूत बनकर सामने आए.

जानकारी के अनुसार, चलती बाइक पर युवक को अचानक हार्ट अटैक आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा. इसे डॉक्टर ने तत्काल सीपीआर देकर मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया. इस घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

अस्पताल के बाहर खड़े थे डॉक्टर

दरअसल, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे गुलाबरा निवासी सतीश वर्मा अपनी बाइक से सत्कार तिराहे के समीप से गुजर रहे थे. तभी अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े. उसी समय जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉ. दिनेश ठाकुर अपने क्लिनिक के बाहर खड़े थे.

बाइक गिरने की आवाज सुन तुरंत दौड़े

बाइक गिरने की आवाज सुनकर वे तुरंत मौके की ओर दौड़े. उन्होंने देखा कि युवक पूरी तरह अचेत था और उसकी धड़कनें थम रही थीं. डॉ. दिनेश ठाकुर ने बिना देरी किए पेशेवर कुशलता का परिचय दिया और युवक को सड़क पर सीधा लिटाकर सीपीआर देना शुरू किया. लगभग 3 से 4 मिनट तक लगातार चेस्ट कंप्रेशन देने के बाद युवक के शरीर में हलचल हुई और उसे होश आ गया.

होश आने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे क्लिनिक ले जाया गया. जांच में पता चला कि युवक को माइनर अटैक आया था, लेकिन सही समय पर प्राथमिक उपचार मिलने के कारण बड़ा खतरा टल गया. फिलहाल सतीश पूरी तरह स्वस्थ हैं.

ये भी पढ़ें- MP में सुसाइड से पहले नवविवाहिता ने 10 पन्नों में लिखी प्रताड़नाएं, पीरियड्स के दौरान जबरन संबंध बनाने का आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com