धार के बाकी घाट में शराब से भरा ट्राला पलटा: ग्रामीणों ने की लूट, पुलिस पर पथराव; 300 पेटियां गायब

Dhar News: पथराव में पुलिस के दो वाहनों के शीशे टूट गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल टांडा थाने से अतिरिक्त बल बुलाया गया. इसके बाद बाग और टांडा पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला. हालांकि तब तक ग्रामीणों ने शराब की करीब 300 पेटियां लूट ली.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Liquor Robbery: धार जिले के कुक्षी अनुभाग अंतर्गत बाग क्षेत्र के बाकी घाट में शनिवार रात एक शराब से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के गांवों के लोग ट्राले में भरी बीयर की पेटियां उठाकर ले जाने लगे. स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया.

शराब से भरा ट्राला पलटा

जानकारी के अनुसार ट्राला इंदौर स्थित वेयरहाउस से बीयर की खेप लेकर आलीराजपुर जिले के चांदपुर स्थित एक शराब दुकान की ओर जा रहा था. घाट क्षेत्र में मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया. ट्राले में माउंट बीयर की पेटियां भरी थीं.

लूट ले गई शराब की पेटियां

दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीयर की पेटियां ले जाने लगे. सूचना मिलते ही बाग पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.

बुलाया गया अतिरिक्त बल

पथराव में पुलिस के दो वाहनों के शीशे टूट गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल टांडा थाने से अतिरिक्त बल बुलाया गया. इसके बाद बाग और टांडा पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता और कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव भी मौके पर पहुंचे. 

Advertisement

पुलिस के अनुसार, करीब 300 पेटियां ग्रामीणों द्वारा ले जाई गईं. पर्याप्त बल पहुंचने के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई.
पुलिस की निगरानी में ट्राले में बची बीयर की पेटियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया और उसे बाग थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया.

दुर्घटनाग्रस्त ट्राला क्रमांक MP 69H 7121 के पास शराब परिवहन का वैध परमिट बताया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लूट और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'थाने आना तो 3000 रुपये ले आना...' आरक्षक के रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, जांच के दिए गए आदेश

ये भी पढ़ें: MP में 2 मार्च से प्रस्तावित बस हड़ताल वापस, CM संग बैठक के बाद ऑपरेटरों ने लिया फैसला; बसें सामान्य रूप से चलेंगी

Advertisement
Topics mentioned in this article