Dhar Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी के चिलवा गांव के पास शनिवार शाम मजदूरों से भरी एक पिकअप पलट गई. हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. हालांकि 2 की स्थिति गंभीर होने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि गाड़ी में थुवाटी गांव के 20 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे थे.
चीख-पुकार मची
इस हादसे में 7 साल की मासूम मोनिका (निवासी मोहनपुरा) और 9 साल के आनंद (निवासी थुवाटी) की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव काम शुरू किया.
काम की तलाश में जा रहे थे गुजरात
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को कुक्षी के सिविल अस्पताल ले जाया गया. इनमें से एक महिला कलाबाई और एक पुरुष सरपंच पिता वेरसिंह की हालत ज्यादा गंभीर थी, जिन्हें बड़वानी अस्पताल भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी लोग थुवाटी गांव के रहने वाले थे और काम की तलाश में गुजरात जाने के लिए कुक्षी की तरफ आ रहे थे. रास्ते में पिकअप वाहन अनियंत्रित हो कर पलट गया.
बता दें कि धार जिले में इस माह में मजदूरों से भरे पिकअप वाहन का ये तीसरा बड़ा हादसा हैं. लगातार हो रहे हादसों के बाद भी जिम्मेदार कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं. हादसों के बाद जिला मुख्यालय के आसपास ही कार्रवाई के नाम पर चालान बनाए जाते हैं. बताया जा रहा हैं कि कुक्षी क्षेत्र में सबसे ज्यादा इस तरह के हादसे होते हैं, लेकिन क्षेत्रीय परिवहन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है, जिसका नतीजा लगातार हादसे में मजदूरों की जान जा रही हैं.
ये भी पढ़ें: MP Weather: भीषण गर्मी की चपेट में एमपी, 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा, बाजार पड़े सूने; तापमान और बढ़ेगा