Madhya Pradesh Weather: मध्य प्रदेश में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह से निकली तेज धूप ने दोपहर तक आग बरसने जैसा एहसास कराया, जबकि लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया. दिनभर सड़कों पर निकलने वाले लोग चेहरे को कपड़े, गमछे से ढककर चलते नजर आए. राजधानी भोपाल समेत कई शहरों के बाजार सूने रहे. तेज धूप का असर इतना ज्यादा रहा कि खड़ी गाड़ियों की सीटें भी तपने लगीं.... लोगों को बैठने से पहले उन पर पानी डालकर ठंडा करना पड़ा. हालांकि आने वाले दिनों में और भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है.
गर्मी की वजह से दोपहर के समय में शहर के बाजारों और चौराहों पर आवाजाही कम हो गई है. जरूरी काम से ही लोग बाहर निकल रहे हैं. वहीं ठंडे पेय, नींबू पानी और गन्ने के रस की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई.
एमपी के इन जिलों में तीव्र लू का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने रविवार 17 मई को रतलाम, खरगोन और खंडवा में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है. आज इन जिलों का तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच सकता है. इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, धार, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, झाबुआ, सागर, दमोह, निवाड़ी,अलीराजपुर, बड़वानी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, छतरपुर, सीधी और मऊगंज में लू चलने की संभावना है.
इन जिलों में दिखेगा गर्मी का तेवर
वहीं राजधानी भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, नीमच, मंदसौर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, शाजापुर, देवास, सीहोर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, अनूपपुर, शहडोल, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, उमरिया और कटनी में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा.
44 डिग्री के पार पहुंचा पारा
शनिवार को नौगांव में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं खंडवा में तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा शाजापुर में तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस, सागर में 43.6 डिग्री सेल्सियस, खरगोन में पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस, रायसेन 43.4 डिग्री सेल्सियस, श्योपुर- 43.4 डिग्री सेल्सियस, नरसिंहपुर 43. 4 डिग्री सेल्सियस, गुना 43.3 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो 43.2 डिग्री सेल्सियस, रतलाम- 43.2 डिग्री सेल्सियस, दतिया 43 डिग्री सेल्सियस, दमोह 43 डिग्री सेल्सियस, टीकमगढ़ 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: Bhojshala: हाईकोर्ट के फैसले के बाद ASI का नया आदेश, सूर्यास्त के साथ बंद हुए दरवाजे; जानें कब होगा प्रवेश?