Dewas News Hindi: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के देवास (Dewas) शहर के जवाहर नगर में पारिवारिक विवाद (Family Dispute) इतना बढ़ गया कि मामला सीधे घर में घुसकर तोड़फोड़ तक पहुंच गया. आरोप है कि बहू के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और घर में रखे कीमती सामान को नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गैस सिलेंडर नहीं पहुंचाने पर हुआ विवाद
आवेदक वंदना जैन ने बताया कि उनके बेटे अर्पित जैन को उसके ससुर का फोन आया था. फोन पर उनसे कहा गया कि उनकी गैस सिलेंडर खत्म हो गई है और अर्पित इंदौर उनके घर सिलेंडर पहुंचा दे. बेटे द्वारा मना करने पर बहू ने घर में विवाद शुरू कर दिया.
बहू के मायके वालों पर गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप
वंदना जैन के अनुसार, विवाद यहीं नहीं रुका... कुछ ही देर बाद बहू के मायके पक्ष के लोग इंदौर से देवास स्थित उनके घर पहुंच गए और आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी. आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान घर में लगी एलईडी, फ्रिज, कूलर सहित अन्य सामान तोड़ दिया गया और सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने बहू सहित इंदौर निवासी 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: MP में कार में आग लगने से तीन लोग जिंदा जले: दो गंभीर रूप से घायल, राहगीरों ने 8 साल की बच्ची को बचाया