विज्ञापन

 सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को ठेंगा: चंबल में आधी रात को मशीनों से अवैध रेत खनन, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

सुप्रीम कोर्ट की सख्त पाबंदी के बावजूद मध्य प्रदेश के मुरैना में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं. राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य के रायपुर खुर्द घाट पर आधी रात को आधुनिक मशीनों से अवैध रेत खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. 

 सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को ठेंगा: चंबल में आधी रात को मशीनों से अवैध रेत खनन, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
चंबल में आधी रात को मशीनों से अवैध रेत खनन अब भी है जोरी.
upendra Gautam

सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद कथित प्रशासनिक मुस्तैदी के दावों को धता बताते हुए मुरैना जिले में रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध खनन और परिवहन के खेल में जुटे हुए हैं. अब माफिया पारंपरिक तरीकों को छोड़कर आधुनिक मशीनों का खुलकर इस्तेमाल कर रहे हैं. रेत माफियाओं की हरकत सीधे तौर पर प्रशासन की टास्क फोर्स को खुली चुनौती दे रही है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

अवैध खनन का यह पूरा मामला तब उजागर हुआ, जब स्थानीय ग्रामीणों ने रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. यह वीडियो राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य के रायपुर खुर्द घाट का बताया जा रहा है, जो महुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बीती रात 12 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक लोडर मशीनों के जरिए करीब 50 से ज्यादा ट्रॉलियों में चंबल की प्रतिबंधित रेत धड़ल्ले से भरी गई. इस वीडियो के सामने आते ही मुरैना के प्रशासनिक, पुलिस और वन विभाग के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया है.

वन विभाग ने रेपुरा गांव से जब्त की रेत 

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पुलिस प्रशासन तक इनपुट पहुंचने के बाद वन विभाग की टीम एक्शन में आ गई है. रेत माफियाओं ने कार्रवाई से बचने के लिए पोरसा थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव में कुछ ट्रैक्टर ट्रॉलियों को छिपा दिया था. जब वन विभाग के अमले ने गांव में दबिश दी, तो एक ट्रैक्टर चालक मौके पर ही ट्रॉली से रेत खाली करके फरार होने में कामयाब रहा. हालांकि, जांच टीम ने गांव की एक निजी जमीन पर अवैध रूप से एकत्रित करके रखी गई चंबल की रेत को जब्त कर लिया है.

कड़ी कार्रवाई की तैयारी

वन विभाग की टीम अब वायरल वीडियो के आधार पर अवैध खनन में शामिल लोडर मशीन और रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर ट्रॉलियों की शिनाख्त करने में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही इन वाहनों और उनके मालिकों की पहचान हो जाएगी, आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम (Forest Act) की गंभीर धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देशों के बाद बनी टास्क फोर्स की मुस्तैदी के बावजूद माफियाओं के बुलंद हौसले यह बताने के लिए काफी हैं कि जमीनी स्तर पर पकड़ अब भी ढीली है.

वहीं, इस पूरे मामले में राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य, मुरैना के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हमारे संज्ञान में आया है. वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर अवैध रेत को जब्त किया है. वीडियो में दिख रहे लोडर वाहन और ट्रैक्टर ट्रॉलियों की पहचान की जा रही है, शिनाख्त होते ही वन अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close