विज्ञापन

MP: ऑनलाइन मंगाया मटन कोल्हापुरी, निकला मरा चूहा, खाने से बच्चे की तबीयत खराब; खाद्य विभाग ने लिया सैंपल

खानशावली क्षेत्र के एक परिवार ने शुक्रवार रात होटल बिस्मिल्लाह से मटन कोल्हापुरी मंगवाया था. घर पहुंचकर खाने के दौरान बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां शुरू हो गईं. जांच करने पर मटन में चूहे के अवशेष दिखे.

MP: ऑनलाइन मंगाया मटन कोल्हापुरी, निकला मरा चूहा, खाने से बच्चे की तबीयत खराब; खाद्य विभाग ने लिया सैंपल
बिस्मिल्लाह होटल से मंगाए मटन कोल्हापुरी में निकला मरा चूहा.

मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में एक होटल से खरीदे गए खाने में मरा हुआ चूहा निकलने से हड़कंप मच गया. खानशावली क्षेत्र के एक परिवार ने शुक्रवार रात शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित होटल बिस्मिल्लाह से मटन कोल्हापुरी मंगवाया था. घर पहुंचकर जब परिवार खाना खाने बैठा तो एक बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टियां शुरू हो गईं. परिजन तुरंत सतर्क हुए और खाने की जांच की. जांच के दौरान मटन कोल्हापुरी के अंदर कथित तौर पर मरे हुए चूहे के अवशेष दिखाई दिए.

वहीं, परिवार के सदस्यों का आरोप है कि चूहे का आधा शरीर गायब था, लेकिन पूंछ और बाकी शरीर के अन्य हिस्से मटन में साफ नजर आ रहे थे. यह देखकर घर में मौजूद सभी लोग दहशत में आ गए. इधर, बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किया. फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और परिवार होटल पर कार्रवाई की मांग कर रहा है.

सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, खाद्य अधिकारी बोले- होगी सख्त कार्रवाई

इस घटना के बाद पीड़ित युवक इरफान खान ने सीएम हेल्पलाइन पर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. मामले की जानकारी लगते ही जिले के खाद्य अधिकारी राधेश्याम गोले ने भी इसका संज्ञान लिया. उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही उनकी टीम ने संबंधित होटल में जांच की है. यहां से मटन कोल्हापुरी और अन्य खाने-पीने की चीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं. साथ ही खाद्य अधिकारी ने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि खाने में मिला पदार्थ वास्तव में क्या था. उन्होंने साफ किया कि अगर सैंपल जांच में फेल होता है तो होटल संचालक के खिलाफ एफएसएसएआई एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही होटल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है.

होटल संचालक बोला बदनाम करने की साजिश

इधर, इस पूरे मामले में होटल संचालक अकील शाह का कहना है कि वे बीते 25 सालों से सभी नियमों का पालन करते हुए होटल संचालित कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि यह उनकी होटल को बदनाम करने की साजिश की जा रही है. हालांकि, अभी खाद्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चूहे के अवशेष खाने में कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.

आम जनता में नाराजगी

इस घटना के बाद खंडवा शहर में होटल और ढाबों पर मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी है. सोशल मीडिया पर भी लोग खाद्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में होटलों पर भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में प्रशासन को नियमित छापेमारी करनी चाहिए, ताकि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो. फिलहाल इस पूरे  मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close