विज्ञापन

स्कूल के सामने 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

दमोह जिले के सेमरा गांव में स्कूल के सामने बने 15 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. लंच ब्रेक के दौरान खेलते समय हुए इस हादसे के बाद परिजनों में मातम और ग्रामीणों में आक्रोश है.

स्कूल के सामने 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया. स्कूल के सामने पानी से भरे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. दोनों बच्चे स्कूल की लंच ब्रेक के दौरान खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंच गए थे. हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया. वहीं ग्रामीणों ने इस घटना को लापरवाही का नतीजा बताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.  

सोनू और भविष्य की हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 10 वर्षीय सोनू यादव और 11 वर्षीय भविष्य यादव के रूप में हुई है. सोनू पांचवीं कक्षा में पढ़ता था, जबकि भविष्य छठवीं कक्षा का छात्र था. दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए हटा सिविल अस्पताल में रखवाए गए हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दो साल पहले खोदा गया था गड्ढा

मृतक बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में यह बड़ा गड्ढा करीब दो साल पहले खोदा था. उनका कहना है कि गड्ढा खुदवाने वाले व्यक्ति को कई बार इसे भरवाने के लिए कहा, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. बारिश के बाद गड्ढे में करीब 15 फीट तक पानी भर गया था, जिससे यह और खतरनाक हो गया था.

स्कूल के सामने बना था खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक यह गड्ढा स्कूल के सामने स्थित है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे आते-जाते हैं. इसके बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे को भर दिया जाता या उसके आसपास सुरक्षा घेरा बनाया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था.

लंच की छुट्टी में हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे रोज की तरह स्कूल गए थे. दोपहर करीब 1:30 बजे लंच ब्रेक के दौरान वे अन्य बच्चों के साथ स्कूल के बाहर पहुंचे. इसी दौरान खेलते समय दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए. वहां मौजूद अन्य बच्चों ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया और ग्रामीणों को सूचना दी.

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की

बच्चों के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. कई लोग पानी में उतरकर बच्चों की तलाश करने लगे. काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने लगाई कार्रवाई की गुहार

घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाया है कि गड्ढा खुदवाने वाले व्यक्ति की लापरवाही के कारण दो मासूमों की जान गई है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस गड्ढे को लेकर कई बार चिंता जताई गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया.

घटना की सूचना मिलने पर रजपुरा थाना प्रभारी शिवनारायण यादव और हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह गड्ढा पेट्रोल पंप के लिए खुदवाया गया था. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों और तथ्यों की विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close