विज्ञापन

खुदाई में निकली 35 KG चांदी: मजदूर बोले- बाल्टी भरके मिले थे सिक्के, मालिक ले गया

मध्य प्रदेश के दमोह में एक शिक्षक के मकान निर्माण के दौरान पिलर की खुदाई में ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के निकले हैं. मजदूरों का आरोप है कि खुदाई में 35 किलो से अधिक सिक्के निकले थे, जिसे मकान मालिक ने बाल्टी में भरकर छुपा दिया और उन्हें भगा दिया.

खुदाई में निकली 35 KG चांदी: मजदूर बोले- बाल्टी भरके मिले थे सिक्के, मालिक ले गया

मध्य प्रदेश के दमोह जिले के फुटेरा वार्ड क्रमांक 3 में एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक शासकीय शिक्षक आलोक सोनी के पैतृक मकान के निर्माण के दौरान पिलर की खुदाई करते समय ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं. सिक्के मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा.

मजदूरों का दावा: बाल्टी भरकर निकले थे सिक्के

हथना गांव के मजदूर हीरा पटेल ने बताया कि शनिवार दोपहर खुदाई के दौरान पहले एक पीतल का कलश निकला, जिसमें चांदी का सिक्का था. आगे खुदाई करने पर मिट्टी से भारी मात्रा में चांदी के सिक्के और कुछ रॉड निकलीं. मजदूरों का दावा है कि खुदाई में करीब 35 किलो से अधिक चांदी के सिक्के निकले थे, जिन्हें मकान मालिक ने एक बड़ी बाल्टी में भरकर अंदर छुपा दिया. मजदूरों का आरोप है कि जब उन्होंने अपना हिस्सा मांगा, तो मकान मालिक ने उन्हें महज 500 रुपये देकर भगा दिया. इसके बाद मजदूरों ने गांव के पूर्व सरपंच मुरारी तिवारी को आपबीती सुनाई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया. 

खुदाई में निकला खजाना या मजदूरों का झूठ? शिक्षक के घर चांदी के सिक्के मिलते ही मच गया हड़कंप!

खुदाई में निकला 'खजाना' या मजदूरों का झूठ? शिक्षक के घर चांदी के सिक्के मिलते ही मच गया हड़कंप!

मकान मालिक की सफाई: मजदूर बोल रहे हैं झूठ

दूसरी ओर, मकान मालिक आलोक सोनी का कहना है कि मजदूरों के दावे झूठे हैं. उनके मुताबिक, खुदाई में केवल 42 सिक्के ही निकले थे. मजदूर उन पर नाजायज दबाव बनाने के लिए 35 किलो चांदी निकलने की अफवाह फैला रहे हैं.

प्रशासन और पुरातत्व विभाग की कार्रवाई

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार, तहसीलदार रोबिन सिंह, नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी और पुरातत्व विभाग (ASI) के संरक्षण सहायक शुभम अर्जरिया मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पुलिस ने शुरुआती 42 सिक्कों के बाद, सामने बने एक अन्य घर से स्टील के डिब्बे में छुपाकर रखे गए 60 और सिक्के बरामद किए. अब तक कुल 102 सिक्के बरामद किए जा चुके हैं.

ASI के अधिकारी ने बताया कि बरामद सिक्के 18वीं से 19वीं शताब्दी (ब्रिटिश काल) के हैं, जिन पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की तस्वीरें अंकित हैं. सिक्कों के ऐतिहासिक और वास्तविक मूल्य के आकलन के लिए जबलपुर के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है.

दमोह के सीएसपी एच.आर. पाण्डेय ने बताया कि शुरुआती 42 सिक्कों के बाद 60 और सिक्के बरामद हुए हैं, जिससे सरकारी शिक्षक की भूमिका संदिग्ध हो गई है. पुलिस अब शिक्षक के खिलाफ 'दफीना एक्ट' के तहत झूठी जानकारी देने और संपत्ति छुपाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है. 

ये भी पढ़ें-  ट्विशा शर्मा: दोबारा पोस्‍टमार्टम के बाद तेरहवीं के दिन अंतिम संस्कार, जानें 13 दिनों की पूरी टाइमलाइन

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close