CM Mohan Yadav Security Breach VIDEO: इंदौर में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले के सामने एक युवक अचानक पहुंच गया. युवक पूछने लगा- “मेरी मां के हत्यारों को सजा कब मिलेगी?” यह पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई और सीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. युवक का आरोप है कि उसकी मां की इलाज में लापरवाही से मौत हुई, लेकिन अब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई. सीएम ने पीड़ित को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और आगे बढ़ गए.
काफिले के सामने आया पीड़ित युवक
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि अपनी मां के लिए न्याय मांगते हुए युवक ने अचानक सीएम डॉक्टर मोहन यादव के काफिले को रोक लिया. सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बीच युवक कुछ देर तक अपनी बात रखता रहा. इस दौरान उसने कहा कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला.
इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप
युवक का कहना है कि लगभग पांच महीने पहले एक BHMS डॉक्टर ने एक निजी डॉक्टर के क्लिनिक में उसकी मां मंजू चौहान को इंजेक्शन और बॉटल लगाई थी. इसके बाद, जो वह केवल सर्दी‑खांसी से पीड़ित थीं, उनकी मौत हो गई. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह चिकित्सा लापरवाही का मामला है, लेकिन अभी तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई.
दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई
परिजनों का आरोप है कि शिकायतें करने के बावजूद केस में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इसी नाराजगी में मृतका के बेटे रोहन ने काफिला रोककर सीधे मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की. रोहन का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, वह प्रयास जारी रखेगा.
सीएम का आश्वासन और सुरक्षा पर सवाल
सीएम मोहन यादव ने युवक को शांत कराया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश देने की बात कही. हालांकि, इस घटना के बाद सुरक्षा में चूक को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर काफिले के दौरान कोई शख्स कार के इतना करीब कैसे पहुंच गया.
जांच और कार्रवाई की उम्मीद
पीड़ित परिवार अब मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है. वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन पर भी दबाव बढ़ा है कि मेडिकल लापरवाही के आरोपों की जांच प्राथमिकता से की जाए.