विज्ञापन

CM मोहन यादव का ऐलान- MP में अब 9वीं-11वीं के छात्र भी दो बार दे सकेंगे एग्जाम, परीक्षा की टेंशन भगाने के दिए टिप्स

CM Bhopal School Visit: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में छात्रों से संवाद के दौरान एलान किया कि अब एमपी में 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं भी साल में दो बार होंगी. सीएम ने छात्रों को तनाव मुक्त रहने के टिप्स दिए और बताया कि फेल होने पर साल बर्बाद न होने की नई व्यवस्था लागू की गई है. इस मौके पर उन्होंने नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस और दिग्विजय सिंह सरकार की पुरानी नीतियों पर भी कड़ा प्रहार किया.

CM मोहन यादव का ऐलान- MP में अब 9वीं-11वीं के छात्र भी दो बार दे सकेंगे एग्जाम, परीक्षा की टेंशन भगाने के दिए टिप्स

MP Board Exams CM Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव सोमवार को एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आए. राजधानी के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ एक मार्गदर्शक की तरह ढेर सारी बातें कीं. मौका था 'परीक्षा पे चर्चा' का, जहां सीएम ने बच्चों को यह समझाया कि परीक्षा केवल एक पड़ाव है, पूरी ज़िंदगी नहीं. बच्चों के बीच बैठकर उन्होंने न केवल उनके सवालों के जवाब दिए, बल्कि अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं.

छात्रों के लिए साल खराब होने का डर खत्म

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा एलान किया. उन्होंने कहा कि जैसे अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार होने लगी हैं, ठीक वैसे ही अब 9वीं और 11वीं के छात्रों को भी यह सुविधा मिलेगी. अब इन कक्षाओं के एग्जाम भी साल में दो बार आयोजित किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने इसके पीछे का तर्क समझाते हुए कहा कि अक्सर देखा जाता है कि एक बार फेल होने पर बच्चा हिम्मत हार जाता है या उसका पूरा साल बर्बाद हो जाता है. लेकिन अब अगर कोई बच्चा पहली बार में सफल नहीं होता है, तो वह दोबारा परीक्षा देकर उसी साल अपनी पढ़ाई जारी रख सकता है.

सीएम ने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच का नतीजा है, जिस पर वे 2017 से काम कर रहे हैं. उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आने वाली परीक्षाओं के लिए दिल खोलकर शुभकामनाएं भी दीं.

नक्सलवाद पर तीखा हमला: दिग्विजय शासन की याद दिलाई

स्कूल के कार्यक्रम के बाद जब मीडिया ने मुख्यमंत्री से बात की, तो उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले किए.उन्होंने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को जमकर आड़े हाथों लिया. डॉ.यादव ने कहा कि कांग्रेस के राज में नक्सलियों से निपटने के लिए कोई नीति ही नहीं थी. उन्होंने उस दौर की याद दिलाई जब कांग्रेस के ही एक कद्दावर मंत्री (लिखिराम कावरे) की नक्सलियों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज मोदी सरकार की सख्ती और हमारी पुलिस की मुस्तैदी की वजह से नक्सलवाद अपने आखिरी दिन गिन रहा है. हमने प्रदेश की धरती से इस आतंक को लगभग साफ कर दिया है.

शानदार होगा बजट सत्र: उपलब्धियों की लंबी है लिस्ट

विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर भी मुख्यमंत्री काफी उत्साहित दिखे. उन्होंने कहा कि सरकार इस बार एक 'शानदार' बजट लेकर आ रही है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि हमारे पास जनता को बताने के लिए उपलब्धियों का अंबार है. पिछले कुछ समय में मध्यप्रदेश ने विकास के जो नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, उसकी झलक इस बजट सत्र में साफ तौर पर दिखाई देगी. कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री ने इस दौरे के ज़रिए जहां नई पीढ़ी का दिल जीतने की कोशिश की, वहीं विपक्ष को भी साफ़ संदेश दे दिया कि सरकार हर मोर्चे पर मुस्तैद है.
ये भी पढ़ें: बस्तर पंडुम 2026: नक्सलवाद के अंत के बाद खुलेगा एडवेंचर टूरिज्म का रास्ता- गृह मंत्री अमित शाह

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close