CM mohan Yadav action: सीएम यादव ने मध्य प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और गुना एसपी अंकित सोनी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. अचानक किए गए निरीक्षणों में मिली शिकायतों, प्रशासनिक लापरवाहियों और कामकाज में अनियमितताओं के बाद मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जिम्मेदारी के पद पर बैठे अधिकारी यदि जवाबदेही नहीं निभाएंगे, तो कार्रवाई तय है. इसी दौरान सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पी.एस. धनवाल को भी निलंबित करने के आदेश जारी किए गए.
सीधी कलेक्टर और गुना एसपी पर सीएम की सख्ती
सीएम यादव ने रविवार को सीधी जिला मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्हें जनता और जनप्रतिनिधियों की कई गंभीर शिकायतें मिलीं. विभिन्न विभागों की समीक्षा के बाद उन्होंने पाया कि प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है. इसी आधार पर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तुरंत प्रभाव से हटाने का आदेश जारी किया गया.
इसी तरह, गुना जिले में तलाशी के दौरान बरामद नकद राशि के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी की भूमिका संतोषजनक नहीं पाई गई. मुख्यमंत्री ने इसे गंभीर मानते हुए एसपी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए. सीएम यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रशासनिक शिथिलता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
सहकारी बैंक महाप्रबंधक भी निलंबित
औचक निरीक्षण के दौरान सीधी जिला सहकारी बैंक के कामकाज पर भी सवाल उठे. विभागीय समीक्षा में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद सीएम यादव ने बैंक के महाप्रबंधक पी.एस. धनवाल को निलंबित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी कहीं भी पदस्थ हों, उन्हें जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी से कार्य करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जिम्मेदारी, पदभार संभालते ही शुरू हो जाती है, और प्रशासन में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है.
IAS स्वरोचिष सोमवंशी का जीवन परिचय
स्वरोचिष सोमवंशी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2012 बैच की अधिकारी हैं. 24 दिसंबर 1984 को जन्मी सोमवंशी इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आती हैं और उन्होंने B.Tech (Computer Science and Engineering) किया है. 3 सितंबर 2012 को IAS के रूप में नियुक्ति के बाद वे मध्य प्रदेश कैडर में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर कार्य कर चुकी हैं. मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी सोमवंशी अपनी कार्यकुशलता के लिए जानी जाती हैं. वर्तमान कार्रवाई से पहले वे 11 मार्च 2024 से सीधी जिले की कलेक्टर के पद पर पदस्थ थीं.