MP News: CBSE रिजल्ट आने के बाद नाखुश 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, परिजनों को कमरे में लटका मिला शव

Student Suicide: शिवपुरी में सीबीएसई 12वीं के परिणाम के बाद 18 साल के छात्र आर्यभान सिंह सिसौदिया की मौत हो गई. बुधवार शाम रिजल्ट में दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने से वह परेशान था, जिसके बाद उसने फांसी लगा ली.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम से नाखुश एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. उसने अपने घर की तीसरी मंजिल पर जाकर कमरे में फांसी लगाई थी. बताया जा रहा है कि छात्र परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने से परेशान था. मामला शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र का है. छात्र की मौत के बाद परिवार में मातम परस गया है और पुलिस जांच कर रही है.

मृतक छात्र की उम्र 18 वर्ष थी और उसका नाम आर्यभान सिंह सिसौदिया पुत्र धर्मेन्द्र सिंह सिसौदिया बताया जा रहा है. उसने इसी वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी.
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद आर्यभान की दो विषयों में सप्लीमेंट्री ((एटीकेटी)) आई थी. परिणाम देखने के बाद वह परेशान हो गया और घर की तीसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया.

Advertisement

जब कमरे में पहुंचे परिजन तो...

कुछ देर बाद जब परिजन उसे देखने पहुंचे तो वह कमरे में फंदे पर लटका मिला. परिवार के सदस्य तुरंत उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने क्या कहा

देहात थाना पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में परीक्षा परिणाम से तनाव में आने की बात सामने आई है.देहात थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि छात्र के परिजनों ने परीक्षा परिणाम में पूरक आने के बाद उसके परेशान रहने की जानकारी दी है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- "बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए गिराना चाहती हो": पति के तानों से टूटी नोएडा की ट्विशा; भोपाल में रिटायर्ड जज की गर्भवती बहू ने दी जान