मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाने से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस कस्टडी में रखे गए युवक ने बाथरूम जाने की अनुमति लेने के बाद वहीं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बाथरूम जाने की अनुमति के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार ग्राम इमलिया निवासी राजेश पटेल को हिरासत में लेकर राजनगर थाने के लॉकअप में रखा गया था. बताया जा रहा है कि उसने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी. अनुमति मिलने के बाद वह बाथरूम गया, जहां उसने फांसी लगाकर जान दे दी.
कुछ समय बाद जब पुलिस स्टाफ को शक हुआ तो दरवाजा खोला गया. अंदर युवक फंदे पर लटका मिला. पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में घोषित मृत, जांच शुरू
अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है.
छतरपुर एसपी आगम जैन ने बताया कि पुलिस कस्टडी में हुई किसी भी मृत्यु के मामलों में निष्पक्ष जांच अनिवार्य होती है. प्रशासन के मुताबिक हिरासत की प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जाएगी. नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.