VIDEO: कूनो के चीते ने राजस्थान में किया शिकार, पलक झपकते ही दबोचा; कैमरे में कैद हुआ मंजर

कुनो नेशनल पार्क से निकलकर राजस्थान पहुंचे चीते का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पलक झपकते ही बकरी का शिकार करता दिखता है. पिछले चार दिनों से रामगढ़ क्षेत्र में घूम रहे इस चीते पर वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Cheetah Hunt Video: कूनो नेशनल पार्क से निकलकर राजस्थान पहुंचे एक चीते का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पलक झपकते ही शिकार पर टूट पड़ता है. तेज रफ्तार और फुर्ती के लिए मशहूर यह चीता पिछले चार दिनों से राजस्थान के रामगढ़ इलाके में घूम रहा है. खुले जंगलों में आजादी से दौड़ने की उसकी आदत अब कूनो की सीमाओं से बाहर निकलने लगी है, जिससे वन विभाग और स्थानीय लोगों में लगातार चिंता बढ़ती जा रही है.

चीता कूनो की सीमा लांघकर राजस्थान पहुंचा

श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क का जंगल तेज रफ्तार वाले चीतों के लिए छोटा पड़ता दिख रहा है. यही वजह है कि कई चीते पार्क की सीमा लांघकर आसपास के राज्यों तक पहुंचने लगे हैं. पिछले चार दिनों से कूनो का एक चीता लगातार घूमते‑घूमते राजस्थान के रामगढ़ तक जा पहुंचा है और वहीं डेरा डाले हुए है.

शिकार का रोमांचक दृश्य कैमरे में कैद

रामगढ़ में दिखे इस चीते का एक ताजा वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खेत के पास घूम रही एक बकरी पर अचानक झपटता है. वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे चीता कुछ ही सेकंड में अपनी फुर्ती दिखाते हुए बिजली जैसी तेजी से खेत की तरफ दौड़ता है और बकरी को संभलने का मौका भी नहीं देता. पलक झपकते ही बकरी उसकी पकड़ में आ जाती है.

चीता मॉनिटरिंग टीम सतर्क 

चीते के राजस्थान पहुंचते ही कूनो की चीता मॉनिटरिंग टीम उसके पीछे‑पीछे पहुंच गई है. टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है ताकि उसकी सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए और उसका हर मूवमेंट रिकॉर्ड किया जा सके. दूसरी ओर कनू प्रबंधन ने राजस्थान के वन विभाग को भी तत्काल सूचना भेजकर सुरक्षा सहयोग मांगा है.

Advertisement

खेतों में जाने से डर रहे किसान 

रामगढ़ क्षेत्र में चीते की मौजूदगी से ग्रामीण खासकर किसान डरे हुए हैं. खेतों के आसपास चीते का डेरा जमाए बैठना उनके लिए डर का कारण बन गया है. कई किसान अपने खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि आसपास के गांवों में भी लोगों में दहशत का माहौल है.

पार्क प्रबंधन की चिंता, कहीं आगे न बढ़ जाए चीता

कूनो के अफसरों की चिंता चीते की सुरक्षा के साथ‑साथ उसके आगे बढ़ते कदमों को लेकर भी है. इससे पहले भी कुछ चीते यूपी और राजस्थान की सीमा तक पहुंच चुके हैं, जिन्हें विशेषज्ञों की सलाह पर ट्रेंकुलाइज कर वापस कूनो लाना पड़ा था. इस बार भी पार्क प्रबंधन स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है.

Advertisement