सीमा सुरक्षा बल (BSF) में पदस्थ उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ दिल्ली से उनके पैतृक गांव सीतापुर, जिला दतिया (मध्य प्रदेश) लाया गया. जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और माहौल गमगीन हो गया.
अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आसपास के क्षेत्रों से लोग गांव पहुंच गए. लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
BSF की टुकड़ी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
इस दौरान टेकनपुर से आई BSF जवानों की टुकड़ी ने उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया. जवानों ने शस्त्र झुकाकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी और राष्ट्र सेवा में उनके योगदान को नमन किया. दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था.
भारत माता की जय के नारों के बीच अंतिम यात्रा
गांव से निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए. लोगों ने “भारत माता की जय” और “सुरेश कुमार यादव अमर रहें” के नारों के साथ अपने वीर सपूत को भावभीनी विदाई दी. पूरे गांव में शोक और गर्व का मिला-जुला माहौल देखने को मिला.
प्रशासन और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर BSF के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा थाना प्रभारी रमेश शाक्य सहित परिजनों और ग्रामीणों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके योगदान को नमन किया.
MP News, MP Hindi News, MP Latest News, Madhya Pradesh News, Madhya Pradesh Hindi News, Datia News, BSF News, Suresh Kumar Yadav BSF, BSF Sub Inspector Suresh Kumar Yadav, BSF Guard of Honour, Datia MP News, Indian Security Forces News