विज्ञापन
This Article is From Feb 21, 2026

BJP vs Congress: इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पानी की बौछारें

BJP vs Congress: दिल्ली में आयोजित एआई समिट को लेकर युवा मोर्चा के द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए गांधी भवन की ओर बढ़ रहे थे, जहां पुलिस ने उन्हें मच्छी बाजार चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया. इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई.

BJP vs Congress: इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पानी की बौछारें

Congress office Gandhi Bhavan Indore: मध्य प्रदेश के  इंदौर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते नारेबाजी और धक्का-मुक्की पथराव में बदल गई. इस घटना में पुलिसकर्मियों और पत्रकारों सहित दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और पानी की बौछारों का सहारा लेना पड़ा.

कांग्रेस कार्यालय के बाहर पत्थरबाजी

दरअसल, दिल्ली में आयोजित एआई समिट को लेकर युवा मोर्चा के द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए गांधी भवन की ओर बढ़ रहे थे, जहां पुलिस ने उन्हें मच्छी बाजार चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया. इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले धक्का-मुक्की हुई और उसके बाद अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई. गांधी भवन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.

कई लोग हुए घायल 

बता दें कि कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव में तीन पत्रकारों और कुछ पुलिसकर्मियों सहित भाजपा और कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हुए. कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को सिर में गहरी चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. अन्य घायलों का भी इलाज जारी है. मामला बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया. डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, चार थानों के थाना प्रभारी और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह स्वयं मोर्चा संभालते नजर आए. पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की और पानी की बौछारें भी छोड़ीं. हालांकि शुरुआती तौर पर इसका सीमित असर दिखाई दिया.

पत्थरबाजों के खिलाफ होगी कार्रवाई

एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने

इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई.  नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पथराव शुरू किया. वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया.

पथराव के बाद इंदौर के पंढरीनाथ थाने पर विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंचे और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया.

कांग्रेस कार्यालय के सामने बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच में हुई झड़प के बाद इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा हिंसा-अराजकता और हर सही बात को अंधा विरोध करना है. उन्होंने कहा विकास राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों से इनका कोई सरोकार नहीं... जहां सत्य दिखा, वहीं पत्थर चला दिए, जहां शांति दिखी.. वहीं साजिश रच दी. शांतिपूर्ण विरोध भी कांग्रेस को मंजूर नहीं, क्योंकि विरोध उनके लिए विचार नहीं हिंसा का औजार है.

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. पुलिस इन वायरल क्लिप्स की भी जांच कर रही है, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके. घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: पहले तीन बार गर्भपात, फिर प्रेम विवाह... अब अचानक गायब हो गया प्रेमी युवक, परेशान युवती पहुंची SP ऑफिस

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close