विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

बीजेपी सांसद ने दिया ‘गुरु मंत्र’, बताया- मोदी सरकार के खिलाफ फैलाई जा रही नकारात्मकता का कैसे दें जवाब

मोदी सरकार के खिलाफ फैल रही नकारात्मकता पर बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र दिया. बुरहानपुर में मन की बात के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने में जुटा है, इसलिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं.

बीजेपी सांसद ने दिया ‘गुरु मंत्र’, बताया- मोदी सरकार के खिलाफ फैलाई जा रही नकारात्मकता का कैसे दें जवाब

Manki Baat 2026 Highlights: बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बुरहानपुर में आयोजित मन की बात के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि विपक्ष हाल के दिनों में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नकारात्मक बातें फैलाने की कोशिश कर रहा है, ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं. सांसद पाटील ने कार्यकर्ताओं को इस नकारात्मकता का प्रभावी जवाब देने का ‘गुरु मंत्र' भी दिया.

मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण

बुरहानपुर के राजपुरा वार्ड के बूथ क्रमांक 195 पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया. कार्यक्रम के दौरान बूथ स्तर पर संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दिया.

मन की बात पर सांसद पाटील की प्रतिक्रिया

मन की बात सुनने के बाद सांसद पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व आज देश की पहचान बन गया है. उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भरता, मजबूत अर्थव्यवस्था, गरीब कल्याण और वैश्विक सम्मान जैसे क्षेत्रों में भारत ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री सीधे आम नागरिक, किसान, युवा और महिलाओं से संवाद करते हैं.

“पीएम मोदी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया”

सांसद पाटील के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ऐसे नेता हैं जिन्होंने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का जरिया बनाया है. स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं ने देश के हर वर्ग को जोड़ा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ऐसी योजनाओं और प्रधानमंत्री के विचारों को घर‑घर तक पहुँचाएँ.

विपक्ष की नकारात्मकता पर जवाब देने की अपील

सांसद पाटील ने कहा कि विपक्ष, खासकर कांग्रेस, मोदी सरकार के खिलाफ नकारात्मक भ्रम फैलाने में जुटी हुई है. ऐसे समय में बीजेपी संगठन और कार्यकर्ताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही इस भ्रम और नकारात्मक राजनीति का सटीक जवाब दे सकते हैं.

कार्यक्रम में हुई चर्चाएं और मौजूद नेता

कार्यक्रम के दौरान बूथ सशक्तिकरण, आगामी जनसंपर्क अभियानों और संगठन की गतिविधियों पर भी चर्चा की गई. इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पूर्व अध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, पावरलूम फेडरेशन अध्यक्ष जयंती भाई नवलखे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा की प्रतिनिधियां, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com