मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होटल संचालक विजय मेवाड़ा हत्याकांड मामले से जुड़े तीसरे आरोपी आसिफ बम का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है. पुलिस को सूचना मिली कि रातीबड़ इलाके के समसपुर जंगल में आसिफ मौजूद है. पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी, तभी रातीबड़ के पास उसने पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था.
मामूली विवाद में हुई थी विजय मेवाड़ा की हत्या
इसके पहले अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में प्रभात पेट्रोल पंप के पास विजय मेवाड़ा के साथ मामूली विवाद हुआ था. विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पहले ही वार में विजय बुरी तरह लहूलुहान हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार, तीसरा था फरार
वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपी फरमान और इमरान को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी आसिफ बम फरार हो गया था. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, दोपहर करीब 12 से 12:15 बजे रातीबड़ इलाके में यह शॉर्ट एनकाउंटर हुआ. आसिफ ने पुलिस को देखते ही फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई.
सड़कों पर उतरे लोग, बुल्डोजर कार्रवाई की मांग
वहीं, हिंदू समाज ने विजय को न्याय दिलाने के लिए सीएम हाउस तक पैदल मार्च का ऐलान किया. हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर रोककर खदेड़ दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें : विजय मेवाड़ा हत्याकांड: भोपाल में आरोपी के अवैध ढांचे तोड़ने का आदेश, मंत्री की पुलिस को सख्त चेतावनी