विज्ञापन

पानी की पाइपलाइन को लेकर विवाद, दबंगों ने परिवार पर बरसाईं लाठियां, महिला समेत चार घायल

भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के कैरोली गांव में पानी की पाइपलाइन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया. दबंगों ने एक परिवार पर लाठी‑डंडों से हमला किया, जिसमें महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पानी की पाइपलाइन को लेकर विवाद, दबंगों ने परिवार पर बरसाईं लाठियां, महिला समेत चार घायल

Bhind Violence Video Viral: भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के कैरोली गांव में पानी की पाइपलाइन को लेकर शुरू हुआ एक छोटा सा विवाद हिंसा में बदल गया. दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं.

यह घटना 14 अप्रैल की बताई जा रही है. मामला भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के कैरोली गांव का है. हमले के बाद सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

पाइपलाइन से शुरू हुआ झगड़ा

जानकारी के अनुसार, गांव में रहने वाले मुकेश कढेरे और उदय प्रताप सिंह सिकरवार के बीच पहले से आपसी रंजिश चली आ रही थी. 14 अप्रैल को उदय प्रताप के घर से निकली पानी की पाइपलाइन मुकेश कढेरे के घर के सामने से गुजर रही थी. पाइपलाइन फूट जाने से मुकेश के घर के बाहर पानी भरने लगा. जब मुकेश ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई.

परिवार पर लाठी-डंडों से हमला

आरोप है कि विवाद के बाद उदय प्रताप सिंह सिकरवार अपने परिवार के करीब आधा दर्जन लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर मुकेश के घर पहुंच गया. हमलावरों ने सीधे परिवार पर हमला कर दिया. सबसे पहले महिला खुशबू को घेरकर बेरहमी से पीटा गया. महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पति हरेंद्र बचाने आया, लेकिन उसे भी लाठियों से बुरी तरह घायल कर दिया गया.

बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा

हमलावरों ने इसके बाद मुकेश कढेरे को निशाना बनाया और उस पर भी जमकर लाठियां बरसाईं. बीच-बचाव करने पहुंचे मुकेश के पिता हरिकिशोर को भी पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. हमले के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंजती रही. घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को हमलावरों से छुड़ाया. इसके बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चारों का इलाज चल रहा है.

पुलिस पहुंचते ही भागे आरोपी  

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी उदय प्रताप सिंह सिकरवार सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि घटना के करीब पांच दिन बाद इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लाठी-डंडों से एक परिवार पर हमला किया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मामला ज्यादा सुर्खियों में आ गया है.

पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा

मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार डर के माहौल में जी रहा है. 18 अप्रैल को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा की मांग की और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की गुहार लगाई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com