मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके के सर्वधर्म दामखेड़ा में 22 वर्षीय युवक निखिल सितोले की बेरहमी से हत्या कर दी गई. निखिल पेशे से पुताई ठेकेदार था. आरोपियों ने उस पर चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार कर वारदात को अंजाम दिया.
पहले दोस्ती, फिर दुश्मनी बनी मौत की वजह
जानकारी के मुताबिक, मृतक और आरोपी पहले आपस में दोस्त थे. लेकिन आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों और इलाके में दहशत फैलाने की हरकतों के कारण निखिल ने उनसे दूरी बना ली थी. वह उनके गलत कामों का खुलकर विरोध करता था, जिससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे.
घर के बाहर खड़े निखिल पर ताबड़तोड़ हमला
घटना की रात निखिल अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपी धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू वहां पहुंचे और उस पर चाकू-छुरी से 10 से ज्यादा वार कर दिए. हमले के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

Bhopal Kolar Murder Case 22-Year-Old Nikhil Stabbed to Death in Damkheda
पेट में गहरा वार, हालत हुई गंभीर
हमले में निखिल के पेट, हाथ और पैरों पर कई गंभीर चोटें आईं. पेट में गहरा वार होने से उसकी आंतें तक बाहर आ गई थीं. परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई.
वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड इलाके में वर्चस्व कायम करने और पुरानी रंजिश के चलते किया गया. आरोपी आए दिन इलाके में दहशत फैलाते थे और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करते थे. बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दिन पहले ही हत्या के प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए थे. इसके बावजूद उन्होंने फिर से गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया.
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, मुख्य आरोपी धनु को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, मृतक निखिल के खिलाफ भोपाल और इंदौर में मारपीट के तीन मामले दर्ज थे. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- 'मुझसे अब और नहीं जिया जाएगा', 92% नंबर लाकर भी नहीं जी पाई 10वीं की छात्रा, टीचर्स के तानों ने ली जान!