विज्ञापन

भिंड-ग्वालियर हादसा: 8 मजदूरों की मौत पर UP के CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब 12 बजे यह हादसा हुआ. 29 मजदूर पिकअप से ग्वालियर के डबरा-चीनोर में धान रोपाई का काम कर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे.

भिंड-ग्वालियर हादसा: 8 मजदूरों की मौत पर UP के CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
एंबुलेंस से घायलों को निकालते लोग और पुलिस.
NDTV

मध्य प्रदेश में भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार और मंगलवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने मध्य प्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को भी झकझोर दिया है. हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. इस दर्दनाक घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मृतक मजदूरों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. साथ ही मध्यप्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर उत्तर प्रदेश के मृतकों के शव उनके गांव तक पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

CM मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, भिंड में ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. हादसे में सभी घायलों का बेहतर उपचार कराने एवं उनके परिजनों से संपर्क कर हर संभव सहायता करने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

Latest and Breaking News on NDTV

29 मजदूर थे पिकअप में सवार

पुलिस ने बताया कि यह हादसा भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ. उस समय  रात के लगभग 12 बज रहे थे. लखीमपुर खीरी जिले के निवासी 29 मजदूर पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे. वह ग्वालियर के डबरा क्षेत्र के चीनोर में धान की रोपाई का काम करने आए थे. जब पिकअप छीमका गांव के पास पहुंची तो हाईवे पर गायों का झुंड बैठा हुआ था. पिकअप चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया, जिससे सामने से आ रहे ट्रक में भिड़ंत हो गई.

पिकअप के परखच्चे उड़ गए

टक्कर इतनी जोरदार की थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. कुल आठ मजदूरों की इस हादसे में जान चली गई. 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें ट्रक चालक भी शामिल है.

घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे की जांच शुरू कर दी है. अब तक आठ में से छह मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है.

ये हैं मृतक

मृतकों में उपदेश, अमर सिंह और सुखदेव हैं, जो बेला तरसिया (जिला लखीमपुर खीरी, यूपी) के रहने वाले हैं. वहीं, पसगंवा थाना क्षेत्र के कुशनपुर अजीत गांव निवासी गुड्डू, रजनीश और सुभाष निवासी मोहम्मदी थाना क्षेत्र हन्ना निउटली के रहने वाले हैं. सभी लखीमपुर जिले के हैं. हादसे के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है.

एक साथ आठ मजदूरों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासन मृतकों के शवों को उनके पैतृक गांव पहुंचाने और घायलों के इलाज में हरसंभव मदद की व्यवस्था में जुट गया है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने के दौरान वाहन का नियंत्रण खोना सामने आया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- MP: पति ने चरित्र शंका में पत्नी की हत्या की, बच्चों को तालाब में फेंका; बेटी की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com