Women Beaten Viral: मध्य प्रदेश के भिंड शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ई‑रिक्शा में सफर कर रहीं दो महिला चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया. मौके पर मौजूद महिलाओं ने उनकी चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी. शादी‑विवाह के सीजन में सक्रिय हुआ महिला चोर गिरोह लगातार महिलाओं को निशाना बना रहा है, लेकिन इस बार उनकी चालाकी पीड़िता की सतर्कता के सामने फेल हो गई.
ई‑रिक्शा में एक्टिव हुआ महिला चोर गिरोह
भिंड के बस स्टैंड के पास यह घटना तब हुई जब बिनीता नाम की महिला अपनी बहन और परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं. ई‑रिक्शा में दो संदिग्ध महिलाएं भी पहले से बैठी थीं, जो पूरे रास्ते बिनीता का ध्यान बच्चों की तरफ मोड़ती रहीं. उनका उद्देश्य पर्स में रखे गहनों वाला बॉक्स चुराना था.
सतर्कता से बच गया लाखों का सामान
जैसे ही ई‑रिक्शा बस स्टैंड के पास पहुंचा, दोनों संदिग्ध महिलाएं जल्दी‑जल्दी उतरकर भागने लगीं. उसी पल बिनीता को शक हुआ. उन्होंने तुरंत अपना पर्स चेक किया और देखा कि सोने की चूड़ियों व लॉकेट से भरा बॉक्स गायब है. बिनीता और उनकी बहन ने बिना देर किए दोनों महिलाओं को पकड़ लिया.
सरेआम चप्पलों से पिटाई, भीड़ जमा
जब चोरी का खुलासा हुआ, तो मौके पर मौजूद महिलाओं ने दोनों चोरों की चप्पलों और सैंडिलों से जमकर पिटाई की. पूरा मामला देखकर आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. बिनीता ने दोनों के पास से अपना गहनों वाला बॉक्स भी वापस ले लिया, जिसकी कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस हिरासत में लेकिन FIR से इनकार
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं सुनीता और पिंकी, निवासी पंजाब को हिरासत में ले लिया. हालांकि हैरानी की बात यह रही कि पीड़िता ने FIR दर्ज कराने से मना कर दिया. पुलिस द्वारा गहने जप्ती में लेने और अदालत की प्रक्रिया समझाने पर वह परेशान हो गई और उसने रिपोर्ट नहीं लिखवाई.
बड़े गिरोह की आशंका
पुलिस का मानना है कि ये महिलाएँ किसी बड़े चोर गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं, जो शादी सीजन में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, खासकर ई‑रिक्शा में सफर कर रहीं महिलाओं को निशाना बनाते हैं. भिंड में पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे शहर में सुरक्षा और सतर्कता पर सवाल उठ रहे हैं.