विज्ञापन
This Article is From Apr 20, 2026

कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, पैसों के विवाद पर सिर में गोली मारकर हुआ फरार

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों और संपत्ति के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. ग्राम पिछोड़ी की इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है.

कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, पैसों के विवाद पर सिर में गोली मारकर हुआ फरार

Son Kills Father: बड़वानी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यहां एक बेटे ने पैसों और संपत्ति के विवाद में अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

ग्राम पिछोड़ी में हुई सनसनीखेज वारदात

यह घटना बड़वानी जिला मुख्यालय के पास स्थित ग्राम पिछोड़ी की है. बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय चंदन बडोले का अपने पिता 58 वर्षीय जगन बडोले से काफी समय से रुपये और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. दोनों के बीच आए दिन इसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी.

विवाद में बेटे ने उठाया खौफनाक कदम

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद उस वक्त और बढ़ गया जब दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. गुस्से में आकर चंदन ने अपने पिता पर गोली चला दी. गोली सीधे जगन बडोले के सिर में लगी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़वानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, ताकि घटना की पूरी जानकारी मिल सके.

आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी चंदन बडोले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश की जा रही है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

इलाके में दहशत और आक्रोश

इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोग इस बात से हैरान हैं कि पैसों के विवाद में कोई बेटा इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com