विज्ञापन

आशुतोष राणा बोले- 'अपशब्दों का जवाब देने का नजरिया पूरी तरह व्यक्तिगत', पत्रकारिता और पिचकारिता पर भी रखी राय

नरसिंहपुर पहुंचे अभिनेता आशुतोष राणा ने सोशल मीडिया पर अपशब्दों और टीका-टिप्पणी पर राय रखी. पत्रकारिता और पिचकारिता में फर्क बताया और टीका-टिप्पणी को कल्याणकारी भाव करार दिया.

आशुतोष राणा बोले- 'अपशब्दों का जवाब देने का नजरिया पूरी तरह व्यक्तिगत', पत्रकारिता और पिचकारिता पर भी रखी राय
नरसिंहपुर में मीडिया से बात करते आशुतोष राणा.
NDTV

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर पहुंचे अभिनेता आशुतोष राणा ने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर चल रही टीका-टिप्पणियों और अपशब्दों के चलन पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का नाम लिए बिना मौजूदा बयानों और प्रतिक्रियाओं के दौर को बहुत ही सधे हुए शब्दों में परिभाषित किया.

अपशब्दों और प्रतिक्रियाओं पर व्यक्तिगत राय

मीडिया से बातचीत के दौरान आशुतोष राणा ने कहा कि किसी के बयान पर प्रतिक्रिया देना पूरी तरह से व्यक्ति के अपने नजरिए और सोच पर निर्भर करता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब कोई किसी अन्य व्यक्ति को अपशब्द बोलता है तो हमें लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए और हमें सकारात्मक प्रतिक्रिया देनी चाहिए, लेकिन जब वही अपशब्द सीधे आपके खिलाफ इस्तेमाल होने लगते हैं तो क्या तब भी हमारा यही विचार रहता है कि अपशब्द नहीं बोलना चाहिए? अभिनेता ने कहा कि यह पूरी तरह से व्यक्तिगत चीजों और परिस्थितियों पर निर्भर करता है.

उन्होंने पत्रकारिता और पिचकारिता को परिभाषित करते हुए कहा कि कहीं पिचकारीता हो रही है तो उसका मतलब पत्रकारिता पर सवाल उठे.

'टीका' और 'टिप्पणी' का अद्भुत दर्शन

वर्तमान समय में चल रही टीका-टिप्पणियों के माहौल को समझाते हुए आशुतोष राणा ने इसके गहरे मायने बताए. उन्होंने कहा कि हमारे पास 'टीका' भी है और 'टिप्पणी' भी. टीका एक बहुत ही अद्भुत चीज है, जैसे पवित्र ग्रंथों—गीता जी और रामायण पर लिखी गई टीकाएं होती हैं. वहीं, टिप्पणी भी एक अद्भुत भाव है, जिस पर लोग रामायण, महाभारत और गीता जी तक पर बातें करते हैं. उन्होंने अंत में कहा कि यह पूरी तरह से हम पर निर्भर करता है कि हम टीका और टिप्पणी जैसे कल्याणकारी भावों को समाज के सामने किस रूप में और किस तरीके से प्रस्तुत करते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com