विज्ञापन

AIIMS भोपाल के चिल्ड्रन वार्ड में दिखा चूहा, प्रबंधन ने फोटो भेजकर कहा- हमने इसे मार दिया

भोपाल एम्स के चिल्ड्रन वार्ड में चूहा दिखने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. NICU जैसे अति संवेदनशील वार्ड में चूहे की मौजूदगी को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है. AIIMS प्रबंधन ने फोटो भेजकर कहा कि चूहे को मार दिया गया है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि नवजातों की सुरक्षा सुनिश्चित कैसे होगी?

AIIMS भोपाल के चिल्ड्रन वार्ड में दिखा चूहा, प्रबंधन ने फोटो भेजकर कहा- हमने इसे मार दिया

AIIMS Bhopal Rat Video: मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की हालत एक बार फिर सवालों के घेरे में है. भोपाल एम्स (AIIMS) के चिल्ड्रन वार्ड में एक चूहे का वीडियो वायरल हो रहा है. जिस अस्पताल को सबसे सुरक्षित और आधुनिक माना जाता है, वहां NICU जैसे अति संवेदनशील वार्ड में चूहे का दिखना बेहद गंभीर लापरवाही मानी जा रही है. यह मामला इसलिए भी चिंताजनक है, क्योंकि यहां भर्ती मासूम नवजात खुद अपनी सुरक्षा नहीं कर सकते.

NICU में चूहे का वीडियो आया सामने

सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छोटा चूहा दरवाजे के पीछे छिपा हुआ है. जैसे ही दरवाजा खोला गया, चूहा भागते हुए सीधे NICU में बच्चों को रखने वाली मशीन के अंदर घुस गया. यह वीडियो भोपाल AIIMS का बताया जा रहा है, जिसने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अति संवेदनशील वार्ड में बड़ी लापरवाही

NICU ऐसा वार्ड होता है, जहां नवजातों को विशेष देखरेख में रखा जाता है. यहां साफ-सफाई और संक्रमण से सुरक्षा सबसे अहम होती है. ऐसे में इस वार्ड में चूहे का खुलेआम घूमना न सिर्फ लापरवाही है, बल्कि बच्चों की जान के लिए बड़ा खतरा भी है. इस एक घटना ने पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

प्रबंधन ने फोटो भेजकर कहा- मार दिया

जब इस मामले में NDTV ने भोपाल AIIMS प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई, तो प्रबंधन की ओर से एक फोटो भेजी गई. इसमें कहा गया कि संबंधित चूहे को मार दिया गया है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतना सुरक्षित माने जाने वाले NICU वार्ड में चूहा अंदर पहुंचा कैसे? AIIMS प्रबंधन का कहना है कि चूहे से किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस बात की कोई ठोस गारंटी नहीं दी जा सकती.  

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

यह पहली बार नहीं है जब मध्य प्रदेश के अस्पतालों में चूहों का आतंक सामने आया हो. इससे पहले...

  • 16 दिसंबर 2025 को जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल के ICU में चूहे नजर आए थे.
  • 17 सितंबर 2025 को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के SNCU वार्ड में यही हालात सामने आए.
  • 16 सितंबर 2025 को जबलपुर मेडिकल अस्पताल में चूहों ने दो मरीजों को काट लिया था.
  • 8 सितंबर 2025 को छतरपुर जिला अस्पताल की दवाइयों की अलमारी में चूहे मिले थे.
  • 2 सितंबर 2025 को इंदौर के एमवाय अस्पताल के NICU में चूहों ने दो नवजातों को काट लिया था, जिनकी बाद में मौत हो गई थी.
     

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close